फतेहाबाद: नशामुक्त समाज के निर्माण और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से फतेहाबाद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ऑपरेशन जीवन ज्योति अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में उपनिरीक्षक सुंदर लाल के नेतृत्व में नशामुक्ति टीम ने गांव गिलाखेड़ा में जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ डाइट मताना में शिक्षकों एवं स्कूल प्राचार्यों के लिए दो अलग-अलग जागरूकता सेमिनार आयोजित किए।
गिलाखेड़ा में नुक्कड़ सभाओं से नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता
नशामुक्ति टीम ने गांव गिलाखेड़ा में नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने नशे की समस्या से जूझ रहे उपचाराधीन व्यक्तियों का फॉलोअप लेकर उन्हें नियमित उपचार जारी रखने और नशामुक्त जीवन की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
डाइट मताना में शिक्षकों और प्राचार्यों के लिए सेमिनार
इसके उपरांत नशामुक्ति टीम द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), मताना में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान शारीरिक शिक्षा अध्यापकों एवं स्कूल प्राचार्यों के लिए दो अलग-अलग सेमिनार आयोजित किए गए। इनमें विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने, उनके व्यवहार में आने वाले असामान्य बदलावों को पहचानने तथा समय रहते उचित मार्गदर्शन एवं परामर्श उपलब्ध करवाने के तरीकों की जानकारी दी गई।
नशे से बचाव में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका अहम
उपनिरीक्षक सुंदर लाल ने बताया कि विद्यार्थियों को नशे से सुरक्षित रखने में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों की गतिविधियों पर सकारात्मक निगरानी रखने, उनसे नियमित संवाद करने और उन्हें खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही नशे की समस्या से प्रभावित विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें उचित उपचार एवं काउंसलिंग से जोड़ने के उपाय भी बताए गए।
नशाविरोधी जागरूकता में सहयोग की अपील
उन्होंने शिक्षकों एवं प्राचार्यों से आह्वान किया कि वे शिक्षण संस्थानों में नशाविरोधी जागरूकता को बढ़ावा दें तथा नशे की रोकथाम में पुलिस एवं प्रशासन का सक्रिय सहयोग करें।
नशामुक्ति और उपचार को बढ़ावा देना अभियान का उद्देश्य
फतेहाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन जीवन ज्योति का उद्देश्य नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नशे से प्रभावित व्यक्तियों को उपचार और परामर्श के माध्यम से स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
Reported By: Rimpi Jindal












