नई दिल्ली: बिहार में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों से जुड़े अपराध के दो सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। बता दें, पहला मामला छपरा जिले का है, जहां एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया गया, वहीं दूसरा मामला राजधानी पटना का है जहां दिनदहाड़े घर में घुसकर लूट और दुष्कर्म की कोशिश की गई। सामने आई जानकारी के अनुसार, छपरा जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक नाबालिग लड़की के साथ हैवानियत की घटना हुई।
खबर है कि पीड़िता बाजार से सामान लेकर घर लौट रही थी। वहीं इसी दौरान गांव में बरगद के पेड़ के पास पहले से मौजूद तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया जबकि तीसरा युवक मौके पर ही मौजूद रहा।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। एसडीपीओ-2 मढ़ौरा संजय कुमार सुधांशु के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसुआपुर थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार और अपर थानाध्यक्ष अंकित कुमार ओझा के साथ पुलिस ने छापेमारी कर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार महतो, ओमप्रकाश महतो और अनूप कुमार प्रसाद के रूप में हुई है। तीनों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में छपरा जेल भेज दिया गया। पुलिस ने पीड़िता का बयान BNSS की धारा 183 के तहत दर्ज करने और मेडिकल जांच के लिए छपरा भेज दिया है।
पटना में घर में घुसकर लूट
दूसरी घटना पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र की है। दलदली रोड स्थित संजय कॉम्प्लेक्स के पास किराए पर रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि दोपहर साढ़े तीन बजे कुछ युवक उसके घर में घुस आए। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ छेड़खानी और दुष्कर्म की कोशिश की। जब उसकी बेटी ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी बदसलूकी की। विरोध करने पर आरोपियों ने सरिये से हमला कर दिया।
पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने मंगलसूत्र, सोने की चेन और 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। घायल महिला को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पीड़िता ने रवि कुमार, नीतीश कुमार समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ 3 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है।












