राहुल-प्रियंका नहीं चाहते थे मां बनें प्रधानमंत्री, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताई 2004 की पूरी कहानी

0
6

नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने का फैसला क्यों लिया था? इस सवाल का जवाब अब उनकी नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में मिला है। 10 नवंबर से बाजार में उपलब्ध हो रही इस किताब के एक अंश में सोनिया ने उस दौर के अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री बनने को लेकर उनके मन में लगातार उथल-पुथल थी। एक तरफ पार्टी और जनता की उम्मीदें थीं, तो दूसरी ओर उनके बच्चे राहुल और प्रियंका नहीं चाहते थे कि उनकी मां इस पद को स्वीकार करें।

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित किताब के अंश के मुताबिक, सोनिया ने उस रात का भी जिक्र किया है, जब उन्होंने प्रधानमंत्री न बनने का अंतिम फैसला लिया। उन्होंने लिखा कि काफी सोच-विचार के बाद उनके मन का संदेह अचानक दूर हो गया। उन्हें भीतर से आवाज आई कि उन्हें खुद के प्रति ईमानदार रहना चाहिए और इस पद को छोड़ देना चाहिए।

राहुल और प्रियंका ने मां को दी थी सलाह

सोनिया गांधी ने बताया कि 2004 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने राहुल और प्रियंका से चर्चा की थी कि कांग्रेस की जीत होने पर क्या उन्हें प्रधानमंत्री बनना चाहिए। इस पर उन्होंने साफ कहा था कि वह ऐसा नहीं करेंगी। दोनों बच्चे भी इसके पक्ष में नहीं थे। उन्होंने अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या का दर्द देखा था। उन्हें डर था कि प्रधानमंत्री बनने से उनकी मां की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता है। सोनिया के मुताबिक, उनका जवाब सुनकर दोनों ने राहत महसूस की थी।

नेताओं के दबाव से बढ़ा असमंजस

चुनाव नतीजे आने के बाद सोनिया के सामने बड़ा सवाल खड़ा हो गया। उन्हें लगता था कि इंदिरा और राजीव गांधी की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी है। वहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की उम्मीदें भी उन पर थीं। जब गठबंधन के नेता उन्हें प्रधानमंत्री बनाने के लिए मनाने पहुंचे, तब राहुल ने पूछा कि उन्होंने पद के लिए हां क्यों कही। सोनिया ने बताया कि नेता उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे। प्रियंका ने भी उन्हें अपने पुराने फैसले पर कायम रहने की सलाह दी। सोनिया को आशंका थी कि प्रधानमंत्री बनने पर बीजेपी उनके विदेशी मूल का मुद्दा उठाएगी। इससे राजनीतिक विवाद बढ़ सकता था और सरकार के कामकाज पर असर पड़ सकता था। वह नहीं चाहती थीं कि उनके फैसले से देश का विकास प्रभावित हो। उनके लिए मजबूत और धर्मनिरपेक्ष सरकार बनना ज्यादा जरूरी था।

मनमोहन सिंह को बनाया प्रधानमंत्री पद का दावेदार

सोनिया ने किताब में बताया कि संसद के सेंट्रल हॉल में जब उन्होंने पद ठुकराने का ऐलान किया तो कई कांग्रेस नेता भावुक हो गए और उनसे फैसला बदलने की अपील करने लगे। कुछ देर के लिए उन्हें अपना भाषण भी रोकना पड़ा। हालांकि, वह अपने फैसले पर कायम रहीं। इसके बाद उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए आगे बढ़ाया। इस तरह 2004 में यूपीए सरकार की कमान मनमोहन सिंह को सौंपी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here