IND vs AFG: आज दिल्ली में मचेगा क्रिकेट का रोमांच, पहली बार T20 में भिड़ेंगे भारत-अफगानिस्तान

0
5
IND vs AFG 1st T20i Series
X @ACBofficials

नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज यानी रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच दोनों टीमों के लिए अहम है, लेकिन इसकी खासियत सिर्फ मैदान पर होने वाली टक्कर नहीं है. मुकाबले के जरिए भारत और अफगानिस्तान की क्रिकेट दोस्ती को भी नया रंग मिलेगा.

‘फ्रेंडशिप कप’ से खास हुआ मुकाबला

मैच से एक दिन पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने ‘फ्रेंडशिप कप’ ट्रॉफी का अनावरण किया. इस दौरान स्टेडियम में काबुल के मशहूर ‘ताक-ए-जफर’ गेट की प्रतिकृति भी आकर्षण का केंद्र रही.

यह गेट अफगानिस्तान में सम्मान और बलिदान का प्रतीक माना जाता है. इसकी प्रतिकृति के जरिए दोनों देशों के बीच रिश्तों और दोस्ती का संदेश भी सामने आया.

भारत में अफगानिस्तान को मिलता रहा है अपनापन

अफगानिस्तान के लिए भारत क्रिकेट से कहीं ज्यादा मायने रखता है. देहरादून और ग्रेटर नोएडा जैसे शहरों में अफगान टीम ने पहले भी अभ्यास और घरेलू मुकाबले खेले हैं. लंबे समय से भारतीय जमीन पर खेलने और तैयारी करने के कारण अफगान खिलाड़ियों के लिए यहां का माहौल किसी ‘घर से दूर घर’ जैसा रहा है.

प्लेइंग-11 को लेकर भारत के सामने सवाल

मैच में भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ा सवाल शीर्ष क्रम को लेकर हो सकता है. वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन में से किसे मौका मिलेगा, इस पर नजर रहेगी। संजू के पास अनुभव है, जबकि युवा वैभव अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं.

ईशान किशन भी टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे. वहीं गेंदबाजी में भारत का स्पिन संयोजन भी महत्वपूर्ण होगा. अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर के साथ तीसरे स्पिनर के लिए वरुण चक्रवर्ती और यश ठाकुर में से चुनाव संभव है.

अफगानिस्तान के स्पिनरों से होगी कड़ी चुनौती

अफगानिस्तान के पास राशिद खान, नूर अहमद और मुजीब उर रहमान जैसे खतरनाक स्पिनर हैं. भारतीय बल्लेबाजों के सामने इन गेंदबाजों को संभालना बड़ी चुनौती होगी. तेज गेंदबाजी में फजलहक फारूकी और नवीन-उल-हक भी परेशानी खड़ी कर सकते हैं.

भारत के लिए यह सीरीज एशियाई खेलों की तैयारियों के लिहाज से भी अहम है. वहीं दोनों कप्तानों की टीमें दोस्ती के संदेश के साथ मैदान पर जीत के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी.

श्रेयस ने गौतम गंभीर की तारीफ की

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने मुख्य कोच गौतम गंभीर की तारीफ करते हुए कहा कि वह खिलाड़ियों के अंदर भरोसा और आत्मविश्वास पैदा करते हैं. उनके मुताबिक, टीम के हर खिलाड़ी को अपनी भूमिका और जिम्मेदारी की स्पष्ट जानकारी है, जो प्रदर्शन के लिए काफी जरूरी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here