इस्तांबुल : तुर्किये के इजमिर प्रांत में स्थित एक आयरन और स्टील प्लांट में सोमवार को हुए भीषण धमाके ने 16 लोगों की जान ले ली। इस हादसे में 13 मजदूर घायल भी हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन ने हादसे की न्यायिक और प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस दर्दनाक घटना से पूरे देश में शोक की लहर है।
बॉयलर बदलने के दौरान भट्ठी में गिरी क्रेन
प्रांतीय गवर्नर सुलेमान एल्बान ने बताया कि प्लांट में बॉयलर बदलने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक क्रेन फर्नेस यानी भट्ठी में गिर गई, जिसके बाद पास की स्टील मिल में जोरदार विस्फोट हो गया। उन्होंने बताया कि बॉयलर बदलने के काम के कारण उत्पादन पहले से ही बंद था। इस वजह से हादसे के समय प्लांट में सामान्य दिनों के 300 कर्मचारियों के मुकाबले करीब 200 कर्मचारी मौजूद थे।
धमाका इतना तेज कि लोगों को हुआ भूकंप का एहसास
सरकारी समाचार एजेंसी ‘अनादोलू’ के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शी नूरी अली उलकर ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि जमीन तक हिल गई। वहीं, एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी डेनिज उलकर ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे धरती नीचे खिसक रही हो और भूकंप आ गया हो। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाकों में भी दहशत फैल गई।
आपातकालीन टीमों ने चलाया राहत और बचाव अभियान
गृह मंत्री मुस्तफा सिफ्तची ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दलों ने आग बुझाने के साथ-साथ घायलों और प्रभावित लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि घायल मजदूरों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
चार सरकारी वकील नियुक्त, पांच लोग हिरासत में
गवर्नर कार्यालय के अनुसार, यह विस्फोट स्थानीय समयानुसार दोपहर के करीब हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्याय मंत्री अकीन गुरलेक ने जांच के लिए चार सरकारी वकीलों की नियुक्ति की है। निजी समाचार एजेंसी ‘डेमिरोरेन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के सिलसिले में अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों की ओर से घटना के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है।
सालाना 45 लाख टन स्टील उत्पादन की क्षमता
कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, HABAS स्टील प्लांट की स्थापना वर्ष 1987 में हुई थी। इस संयंत्र में सालाना करीब 45 लाख टन स्टील उत्पादन करने की क्षमता है। यह प्लांट इजमिर प्रांत के आलियागा क्षेत्र में स्थित है। यहां एक बड़ा बंदरगाह भी है और यह इलाका जहाजों को तोड़ने यानी शिपब्रेकिंग उद्योग के लिए भी जाना जाता है।
हालांकि, इस क्षेत्र में जहाज तोड़ने के काम को लेकर पर्यावरण संबंधी चिंताएं भी उठती रही हैं। आलोचकों का कहना है कि इस गतिविधि से पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंच रहा है। इसी कारण मांग की जा रही है कि यहां के शिपब्रेकिंग यार्ड को यूरोपीय संघ की जहाज पुनर्चक्रण सुविधाओं की सूची से हटाया जाए।












