कोलकाता: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. देर रात पुलिस की नाकेबंदी के दौरान एक बाइक सवार युवक को रोका गया. बाइक पर एक बड़ी प्लास्टिक की बोरी लटकी थी. शक होने पर पुलिस ने जब बोरी की तलाशी ली तो उसके अंदर एक युवती का शव मिला. पुलिस ने बाइक सवार युवक को हिरासत में ले लिया है.
नाकेबंदी के दौरान खुला खौफनाक राज
घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है. बलरामपुर थाना पुलिस ओल्ड टाटा रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस की नजर बाइक पर लटकी बोरी पर गई. पूछताछ और तलाशी के बाद जब बोरी खोली गई तो उसमें युवती की लाश देखकर पुलिस भी हैरान रह गई.
पुलिस के अनुसार, बाइक चला रहे युवक की पहचान अमृत कुमार महतो के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने बताया कि बोरी में उसकी कथित प्रेमिका प्रियंका महतो का शव था. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
अचानक बंद हो गया था युवती का फोन
जानकारी के मुताबिक, प्रियंका पुरुलिया के बाघमुंडी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और पढ़ाई के लिए एक मेस में रह रही थी. परिवार के अनुसार, उसका फोन अचानक बंद हो गया था. काफी समय तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी.
बाद में पुलिस ने परिवार को प्रियंका की मौत की जानकारी दी. मृतका के पिता फलहारी महतो ने बताया कि उन्हें बेटी के प्रेम संबंध के बारे में जानकारी नहीं थी. उन्होंने मामले में किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने की आशंका भी जताई है.
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस अमृत से पूछताछ कर रही है. जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि प्रियंका की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव बोरी में रखकर बाइक से कहां ले जाया जा रहा था. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से युवती की मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है. इसके बाद पुलिस की जांच में इस मामले से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं.












