बिहार MLC चुनाव में बड़ा उलटफेर, NDA, राजद और जनसुराज को मिली जीत, कांग्रेस का नहीं खुला खाता

0
5

नई दिल्ली: बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों के चुनाव नतीजों ने राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणामों में भाजपा, राजद और जनसुराज को जीत मिली, जबकि सारण में भाजपा के बागी राहुल राज ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर बाजी मारकर सबको चौंका दिया। खास बात यह रही कि चारों शिक्षक सीटों पर मौजूदा विधान पार्षदों को हार का सामना करना पड़ा। वहीं, स्नातक सीटों पर मतगणना जारी रहने के बीच राजनीतिक दल अपनी जीत और बढ़त को लेकर अलग-अलग दावे कर रहे हैं।

बिहार की आठ एमएलसी सीटों में से चार के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें भाजपा, राजद, जनसुराज और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। कांग्रेस अपना खाता नहीं खोल सकी। पटना शिक्षक सीट पर करीब 30 साल बाद भाजपा समर्थित नवल किशोर यादव को हार मिली। पटना, तिरहुत, दरभंगा और सारण में मौजूदा एमएलसी अपनी सीट नहीं बचा सके। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के नरेंद्र सिंह ने करीब 600 मतों से जीत हासिल की। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने इसे एनडीए के लिए अपेक्षित नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम शिक्षकों के बीच गठबंधन के समर्थन को दिखाते हैं।

पटना और दरभंगा में राजद-जनसुराज को सफलता

पटना शिक्षक सीट पर राजद समर्थित डॉ. संजीव कुमार सिंह ने भाजपा समर्थित नवल किशोर यादव को 1,057 वोटों से हराया। जीत के बाद उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान कई बार हंगामे की स्थिति बनी, लेकिन वह मुकाबले के लिए तैयार थे। उन्होंने शिक्षकों से किए वादे पूरे करने और उनके हितों के लिए काम करने का भरोसा दिलाया। दरभंगा शिक्षक सीट पर जनसुराज समर्थित सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. मदन मोहन झा को करीब 1,111 मतों से हराया। इस जीत को जनसुराज के लिए अहम माना जा रहा है।

सारण में निर्दलीय राहुल राज की जीत से सियासी हलचल

सारण शिक्षक सीट पर भाजपा के बागी राहुल राज ने निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत हासिल की। दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के बाद उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 833 वोटों से मात दी। राहुल राज ने कहा कि उन्होंने लगातार शिक्षकों की समस्याएं उठाईं और मतदाताओं ने उन पर भरोसा जताया। उन्होंने विधान परिषद में शिक्षकों की लंबित मांगों को मजबूती से उठाने का वादा किया। उनकी जीत को एनडीए, राजद और जनसुराज के लिए राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है।

स्नातक सीटों पर भी दिलचस्प मुकाबला

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना के दौरान अलग-अलग तस्वीर सामने आई। पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार ने जीत का भरोसा जताया, हालांकि उन्होंने कहा कि आधिकारिक परिणाम आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। तिरहुत स्नातक सीट पर वंशीधर आगे चल रहे थे, जबकि जदयू के अभिषेक झा पीछे थे। दरभंगा स्नातक सीट पर दूसरे दौर की गिनती में भाजपा के सर्वेश कुमार को 3,695 वोट मिले, जबकि अनिल कुमार झा को 3,220 मत प्राप्त हुए। वहीं, कोसी स्नातक सीट पर 11 दौर की मतगणना के बाद भाजपा के डॉ. एनके यादव को 24,075, राजद के नितेश यादव को 18,535 और जनसुराज के रजनीश रंजन को 15,306 वोट मिले। इन सीटों पर अंतिम नतीजों से राजनीतिक समीकरण की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here