दिल्ली के होटल अचानक क्यों हुए इतने महंगे? 1 लाख रुपये देकर भी नहीं मिल रहा कमरा, जानें वजह

0
9
Delhi hotel rates, Delhi hotel prices, Delhi hotel booking, Delhi luxury hotel
pinterest

नई दिल्ली: अगर आप सितंबर के दूसरे हफ्ते में दिल्ली आने की तैयारी कर रहे हैं, तो होटल की बुकिंग पहले ही कर लेना बेहतर होगा। राजधानी में 12 और 13 सितंबर को होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन का असर होटल कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है। दिल्ली के कई बड़े और लग्जरी होटलों में कमरों की उपलब्धता तेजी से कम हो गई है। इसके साथ कुछ जगहों पर एक रात का किराया एक लाख रुपये तक पहुंच गया है।

बड़े होटलों में कमरों की कमी

BRICS Summit में शामिल होने के लिए अलग-अलग देशों के नेता, अधिकारी, राजनयिक, कारोबारी प्रतिनिधि और मीडिया कर्मी दिल्ली पहुंचेंगे। कई विदेशी मेहमान सम्मेलन से कुछ दिन पहले ही राजधानी आने की तैयारी में हैं। इसके चलते लुटियंस दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के प्रमुख होटलों में कमरों की मांग काफी बढ़ गई है।

11 से 13 सितंबर की तारीखों के लिए होटल बुकिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्धता देखने पर कई बड़े होटलों में कमरे नहीं मिल रहे हैं। ताज महल और ताज पैलेस में इन तारीखों के लिए कमरे उपलब्ध नहीं बताए जा रहे हैं। वहीं, द लीला पैलेस नई दिल्ली में इन दिनों के लिए नई बुकिंग बंद है। द ओबेरॉय के भी ज्यादातर कमरे और लग्जरी सुइट्स पहले ही बुक हो चुके हैं। आईटीसी मौर्य और शांगरी-ला इरोज में सीमित कमरे उपलब्ध हैं, लेकिन इनके किराए में सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ोतरी देखी जा रही है।

होटल कारोबार को मिला फायदा

BRICS सम्मेलन की वजह से होटल और हॉस्पिटैलिटी कारोबार को फायदा हो रहा है। रेडिसन होटल ग्रुप के दक्षिण एशिया के एमडी और COO निखिल शर्मा ने बताया कि सितंबर में होटल की औसत कमरे की दरों में सालाना आधार पर 25 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। उनके मुताबिक, BRICS सम्मेलन से दिल्ली में होटल की मांग बढ़ी है और कार्यक्रम नजदीक आने पर इसमें और तेजी आ सकती है।

होटलों की बढ़ती मांग का असर आम यात्रियों पर भी पड़ रहा है, जिन लोगों ने सितंबर में दिल्ली आने का प्लान बनाया था, उन्हें अब महंगे कमरे या शहर से बाहर होटल तलाशने पड़ रहे हैं। दिल्ली के आसपास NCR के इलाकों में भी होटल की मांग बढ़ने से किराए में उछाल देखने को मिल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here