नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक सरकारी स्कूल का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें, वीडियो रतनपुर झिंघा स्थित कंपोजिट विद्यालय का है, जहां एक टीचर द्वारा बच्चे को पीटे जाने के बाद हंगामा मच गया है। बताया जा रहा है कि क्लास में पढ़ रहे छात्र पवन को प्रभारी प्रधानाध्यापक शैलेंद्र पाल सिंह ने शोर मचाने के आरोप में पीट दिया।
बच्चे की हुई बुरी तरह पिटाई
आरोप है कि पवन शोर नहीं कर रहा था, फिर भी उसे बुरी तरह मारा गया जिससे उसे चोटें आई हैं। वहीं पवन के पिता अजय खुद एक डॉक्टर हैं। बेटे की चोट देखकर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वे गांव के कुछ लोगों के साथ सीधे स्कूल पहुंच गए। इसके बाद स्कूल में जो हुआ, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि टीचर और छात्र के पिता के बीच जमकर कहासुनी और धक्का-मुक्की हो रही है।
टीचर कभी छड़ी तो कभी ईंट उठाकर धौंस जमाने की कोशिश करता है, तो वहीं पिता भी पूरे गुस्से में उसे जवाब देते हुए कहते हैं कि ‘हम तुम्हारी खा जाएंगे’। इस दौरान पवन का भाई भी गुस्से में टीचर को पटक कर मारने की बात कहता नजर आता है।
किसने शेयर किया वीडियो
बता दें, यह पूरी घटना कंटेंट क्रिएटर आनंद यादव ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर 3 से 4 वीडियो की सीरीज में पोस्ट की है। वीडियो में टीचर खुद को काम के बोझ से परेशान बता रहा है, लेकिन उसका आक्रामक रवैया साफ दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों का कहना है कि जब एक टीचर पैरेंट्स के सामने इतना आक्रामक हो सकता है, तो बंद क्लासरूम में वह बच्चों के साथ कैसा व्यवहार करता होगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। कई यूजर्स ने यूपी पुलिस और शिक्षा विभाग से इस मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की है और टीचर को सस्पेंड करने की बात कही है। फिलहाल यह वीडियो चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।












