
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के औरैया की चर्चित बेमेल सगाई का अंत हो गया है। 30 साल की रीना और 75 साल के रामसुघर की सगाई का वीडियो जिस इंटरनेट ने वायरल किया था, उसी सोशल मीडिया की वजह से यह रिश्ता टूट भी गया। रीना ने नया वीडियो जारी कर ऐलान किया है कि वह बुजुर्ग रामसुघर से शादी नहीं करेगी।
पति वीडियो देखकर वापस लौटा, तो बदला फैसला
रीना ने अपने नए बयान में बताया कि उसके पति के वापस आने से पूरी कहानी बदल गई। रीना के मुताबिक, उसका पति घर छोड़कर कहीं चला गया था और कानूनी तौर पर दोनों का तलाक भी नहीं हुआ था। जब पति ने सोशल मीडिया पर पत्नी की 75 साल के बुजुर्ग के साथ सगाई और हल्दी का वीडियो देखा, तो वह तुरंत घर लौट आया। घर आने के बाद काफी हंगामा हुआ।
परिवार और रिश्तेदार पहले से ही इस रिश्ते के खिलाफ थे। 45 साल के उम्र के फासले के कारण परिवार में नाराजगी थी। अब पति के लौटने के बाद रीना ने फैसला लिया है कि वह अपने पुराने परिवार के साथ ही रहेगी।
'अब सगाई कैंसिल'
रीना ने कहा, "जब मेरा कोई सहारा नहीं था, तब मैंने रामसुघर की बेटी राधा से संपर्क करके शादी के लिए हां कही थी। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। मेरा बिखरा परिवार फिर से जुड़ गया है, इसलिए रामसुघर के साथ मेरी सगाई पूरी तरह कैंसिल है। मैं अपने पति के साथ ही नई शुरुआत करूंगी।" साथ ही रीना ने हाथ जोड़कर अपील की है कि रामसुघर की बेटी राधा अब उसके या उसके परिवार पर कोई ब्लॉग या वीडियो न बनाए।
बता दें कि 14 अक्टूबर को रीना और रामसुघर की सगाई और हल्दी की तस्वीरें-वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे। 45 साल के एज गैप की वजह से यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया था। अब सगाई टूटने के बाद यह कहानी एक बार फिर इंटरनेट पर ट्रेंड कर रही है।












