नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को रूसी ड्रोन ने डेनिप्रो रेलवे स्टेशन पर खड़ी दो ट्रेनों को निशाना बनाया। इस हमले में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यूक्रेन के राष्टपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने खुद इस हमले की पुष्टि की और रूस की कड़ी निंदा की।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि डेनिप्रो स्टेशन पर रूस ने भयानक हमला किया है। इस घटना के बाद हालात और बिगड़ गए है। उन्होंन कहा कि तनाव कम होने की जगह लगातार बढ़ रहा है।
जेलेंस्की ने ट्रंप के फैसले पर उठाए सवाल
जेलेंस्की ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भी अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब से रूस से तेल सप्लाई पर लगे प्रतिबंधों में ढील दी गई है, तब से मॉस्को लगातार हमले कर रहा है। रूस ने अब तक तनाव कम करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने अपील की कि जब तक युद्ध जारी है, तब तक रूस और उसकी युद्ध मशीनरी पर लगे प्रतिबंधों में किसी तरह की ढील नहीं दी जानी चाहिए। अमेरिका और यूरोप को रूस की आक्रामकता का जवाब निर्णायक तरीके से देना होगा।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने वैश्विक स्तर पर डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए रूस के साथ डील की थी। इसके तहत रूस पर लगे कुछ प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से हटाया गया था ताकि वह अमेरिका समेत कई देशों को डीजल सप्लाई कर सके। यूक्रेन ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया था, लेकिन ट्रंप अपने फैसले पर कायम रहे और रूस ने डीजल की सप्लाई भी शुरू कर दी।
यूरोप और G7 से नए प्रतिबंधों की मांग
जेलेंस्की ने एक बार फिर यूरोपीय यूनियन और G7 देशों से रूस पर और कड़े और नए प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि रूस पर दबाव बढ़ाया जाए। शुरुआत में यूरोप और अमेरिका ने यूक्रेन की खुलकर मदद की थी, लेकिन ट्रंप के सत्ता में आने के बाद समीकरण बदल गए। अमेरिका ने यूक्रेन युद्ध का खर्च नाटो देशों पर डाल दिया। यूरोपीय देशों ने रूसी संपत्तियों को जब्त कर यूक्रेन की मदद शुरू की।
वहीं ईरान युद्ध और होर्मुज जलसंधि के बंद होने की आशंका से कच्चे तेल की कीमतें आसमान पर हैं। इससे यूरोप की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है और महंगाई के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए हैं। इस बीच यूक्रेन युद्ध खत्म होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे।












