झपटमारों पर खाकी का शिकंजा: सीसीटीवी के जाल से दबोचा गया शातिर आरोपी, छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद

0
8

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में झपटमारी की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए बदमाशों को तिलक नगर थाना पुलिस ने अपने तेजतर्रार ऑपरेशन से करारा जवाब दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की कड़ियां जोड़कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 44 वर्षीय बलबीर सिंह निवासी तिलक नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से झपटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी (नंबर DL8SCA8571) बरामद कर ली है।

छठ पूजा पार्क के पास महिला को बनाया था निशाना

पश्चिम जिला पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान अतिरिक्त डीसीपी-I सौरभ चंद्र ने बताया कि 1 नवंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे चौखंडी स्थित छठ पूजा पार्क के पास झपटमारी की वारदात हुई थी। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि स्कूटी सवार दो बदमाश उसका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तिलक नगर में प्राथमिकी संख्या 420/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2)/3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला बदमाशों का राज

वारदात के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक बिनीत कुमार पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक चंदरहास, हेड कांस्टेबल सुनील और हेड कांस्टेबल नरेश को शामिल किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त रिछपाल सिंह की निगरानी और पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के समग्र पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से लेकर बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कैमरों से मिले सुराग पुलिस को तिलक विहार तक ले गए। यहां स्थानीय मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। मुखबिर ने बलबीर सिंह को पहचानने के साथ वारदात में इस्तेमाल स्कूटी की भी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पांच आपराधिक मामलों में रहा है नाम

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले पांच आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं, जिनमें एक हत्या तीन चोरी और एक आबकारी अधिनियम से संबंधित मामला शामिल बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2002 के हत्या और दहेज मृत्यु से संबंधित मामले सहित चोरी के कई मुकदमों का उल्लेख है। इस वारदात में शामिल दूसरा आरोपी बाबला अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी पूरी पहचान और ठिकाने का पता लगाने के साथ गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here