यूपी में ओवैसी-चंद्रशेखर ने मिलाया हाथ, आजाद होंगे सीएम फेस; सभी 403 सीटों पर उतरेगा गठबंधन

0
5

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नया सियासी गठबंधन सामने आया है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का ऐलान किया है। ओवैसी ने चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करते हुए इसे भाजपा के खिलाफ मजबूत विकल्प बताया। ओवैसी के मुताबिक, मोर्चा प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि अब तक उनके समाज के लोगों को केवल वोटर की तरह इस्तेमाल किया गया है। गठबंधन से राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की कोशिश है।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनका मकसद सामाजिक बदलाव लाना है। अवैध मस्जिदों पर बुलडोजर कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने हर मस्जिद के लिए लड़ने की बात कही। उनके अनुसार, यह तीसरा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े गठबंधन में उन्हें कमजोर समझा गया और अब वे अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।

सपा-कांग्रेस को भी शामिल होने का न्योता

चंद्रशेखर ने भाजपा को हराने के लिए सपा और कांग्रेस से मोर्चे में शामिल होने की अपील करने की बात कही। ओवैसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों दलों को साथ आने का न्योता दिया। उन्होंने चंद्रशेखर के नेतृत्व को विरोधियों के लिए चुनौती बताया। गठबंधन के जरिए दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साथ लाने की कोशिश होगी। इसका असर पूर्वी और पश्चिमी यूपी की दो दर्जन से अधिक सीटों पर पड़ सकता है। यदि मोर्चा इन वर्गों का समर्थन हासिल करता है, तो सपा, कांग्रेस और बसपा के सामने चुनौती बढ़ सकती है।

इंडिया और एनडीए के समीकरण पर असर?

एआईएमआईएम की नजर उन सीटों पर है, जहां मुस्लिम मतदाता नतीजों को प्रभावित कर सकते हैं। इसी रणनीति के तहत ओवैसी ने यूपी के दौरे तेज किए हैं। पार्टी बहराइच की मटेरा, श्रावस्ती की भिनगा और कैराना से उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। पिछली सभाओं में ओवैसी के निशाने पर सपा रही है। यदि मोर्चा दलित और मुस्लिम वोट अपने पक्ष में करने में सफल रहता है, तो विपक्षी वोटों का बंटवारा भाजपा के लिए फायदेमंद हो सकता है। 2022 के विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने 95 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और उसे औसतन 0.49 फीसदी वोट मिले थे। आजाद समाज पार्टी ने 110 सीटों पर प्रत्याशी उतारकर 0.13 फीसदी वोट हासिल किए थे। अब दोनों दल साथ हैं। देखना होगा कि साझा वोट बैंक कितनी सीटों पर असर दिखाता है और वे दूसरे दलों को कितना जोड़ पाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here