नई दिल्ली: तेहरान और वॉशिंगटन के बीच लंबे समय से चल रहे तनाव को खत्म करने के लिए ईरान ने एक बार फिर बातचीत का दरवाजा खोला है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि उनका देश मौजूदा हालात से बाहर निकलना चाहता है, लेकिन यह किसी भी कीमत पर नहीं होगा। ईरान को एक ऐसी डील चाहिए जिसमें उसका सम्मान बना रहे और उसके हितों की रक्षा हो।
अराघची ने एक इंटरव्यू में कहा कि इस समय जो स्थिति है, उसे न तो पूरी तरह युद्ध कहा जा सकता है और न ही शांति। तेहरान इस अधर में लटकी स्थिति को खत्म करना चाहता है। इसके लिए कूटनीति ही सबसे अच्छा रास्ता है। लेकिन अमेरिका को भी यह दिखाना होगा कि वह सच में समझौता चाहता है।
होर्मुज स्ट्रेट खोलने पर क्या बोले अराघची?
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने के लिए पहले 7 दिन की योजना रखी थी, जिसे बाद में घटाकर 2 दिन कर दिया गया। यह प्रस्ताव अभी भी टेबल पर है।अराघची के मुताबिक, पहले दिन अमेरिका को अपने वादे पूरे करने होंगे। इसमें हाल में लगाए गए प्रतिबंधों को हटाना भी शामिल है। अगर अमेरिका ऐसा करता है तो दूसरे दिन ईरान स्ट्रेट को खोल देगा और बातचीत शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि अमेरिका की तरफ से अभी इस पर कोई सकारात्मक जवाब नहीं आया है। फिर भी अगर वॉशिंगटन गंभीर है तो ईरान बात करने के लिए तैयार है।
7 शर्तों पर अड़ा ईरान
विदेश मंत्री ने कहा कि स्ट्रेट खोलने के लिए ईरान ने 7 शर्तें रखी हैं, जिन्हें पूरा करना जरूरी होगा। हालांकि इन शर्तों को कैसे और कितने समय में लागू किया जाए, इस पर बातचीत हो सकती है। जरूरत पड़ी तो 2 दिन की समयसीमा को और भी छोटा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ईरान तकनीकी मुद्दों पर विशेषज्ञ स्तर की बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन पहले अमेरिका को अपना रवैया बदलना होगा और भरोसा जीतने वाले कदम उठाने होंगे।
कतर और पाकिस्तान निभा रहे मध्यस्थ की भूमिका
अराघची ने बताया कि कतर और पाकिस्तान अभी भी दोनों देशों के बीच संदेश पहुंचा रहे हैं। बातचीत के चैनल खुले हुए हैं। फिलहाल ईरान को मध्यस्थ बदलने या किसी नए देश को जोड़ने की जरूरत नहीं लग रही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थायी शांति तभी आएगी जब सभी देश साथ होंगे। ऐसा नहीं हो सकता कि कुछ देश शांति और विकास का फायदा उठाएं और बाकी देश प्रतिबंध और असुरक्षा झेलते रहें। अराघची ने कहा, “जब हम पड़ोसियों की सुरक्षा करते हैं, तब हम अपनी सुरक्षा भी मजबूत करते हैं।”












