भोपाल: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 के री-एग्जाम को लेकर मध्यप्रदेश में व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं. बता दें, परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है. रविवार यानी आज हो रही इस परीक्षा में हजारों अभ्यर्थी शामिल हुए हैं, जिनके लिए विशेष सुविधाएं और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
भोपाल में कितने केंद्रों पर हो रही परीक्षा
बता दें, भोपाल में 32 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई हैं, जबकि नर्मदापुरम, देवास और अन्य जिलों में भी सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में परीक्षा सामग्री केंद्रों तक पहुंचाई गई. इसके साथ ही कई जगहों पर छात्रों को अंतिम समय में परीक्षा केंद्र बदलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्हें अतिरिक्त यात्रा और तैयारी संबंधी चुनौतियों से गुजरना पड़ा.
एनटीए के सख्त दिशा-निर्देश
परीक्षा को लेकर एनटीए ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इस दौरान किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी. इसके साथ ही परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि बायोमेट्रिक और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके.
सीसीटीवी कैमरे से रखी जा रही निगरानी
इस बार सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए परीक्षा सामग्री ले जाने वाले वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही सीआरपीएफ की निगरानी, सीसीटीवी कैमरे, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन और अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती भी की गई है. वहीं सुरक्षा के चलते अभ्यर्थियों को केवल पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जाने की अनुमति थी.
छात्रों की सुविधा के लिए भोपाल, विदिशा, नर्मदापुरम, गुना और अशोकनगर रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं. यहां परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के मार्ग, परिवहन सुविधाओं और अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं.
परीक्षा का ड्रेस कोड
बता दें, परीक्षा में बैठे वाले अभ्यर्थियों को जारी किए गए नियम के अनुसार ड्रेस कोड का पालन करने के लिए भी कहा गया है. इसके तहत हल्के रंग के कपड़ें पहनने के लिए कहा गया है. वहीं आभूषणों, घड़ियों, बेल्ट, मोटे व अधिक बड़े बटन वाले कपड़ें पहनने को लेकर परहेज करना का आदेश दिया गया है.
कितने बजे शुरू हुई परीक्षा
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू हो चुकी है, जो शाम 5:15 बजे तक चलेगी. रिपोर्टिंग और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू हो गई थी और दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश न मिलने की बात कहीं गई थी. हालांकि दिव्यांग उम्मीदवारों को निर्धारित समय से 65 मिनट अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा.
















