Apple ने लिया बड़ा फैसला, सितम्बर में नहीं होगी iPhone 18 की लान्चिंग

0
6
iPhone18 Pro
iPhone18 Pro

नई दिल्ली: टेक दिग्गज एपल की आगामी फ्लैगशिप आईफोन 18 सीरीज की लॉन्च टाइमलाइन को लेकर वैश्विक बाजार में जबरदस्त सुगबुगाहट शुरू हो गई है। लीक हुई लेटेस्ट रिपोर्ट्स और सप्लाई चेन के संकेतों के मुताबिक, कंपनी इस बार अपनी दशकों पुरानी परंपरा में बड़ा बदलाव करने जा रही है। हर साल सितंबर महीने में अपनी पूरी आईफोन सीरीज एक साथ पेश करने वाला एपल इस बार आईफोन 18 सीरीज को दो अलग-अलग चरणों में लॉन्च कर सकता है। इस नई रणनीति के तहत प्रीमियम मॉडल्स पहले बाजार में उतारे जाएंगे, जबकि बेस और अन्य किफ़ायती मॉडल्स के लिए ग्राहकों को थोड़ा लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

सितंबर में दस्तक दे सकते हैं प्रो मॉडल्स

ताइवान की ‘इकोनॉमिक डेली न्यूज’ की रिपोर्ट और मशहूर सप्लाई चेन एनालिस्ट मिंग-ची कुओ के दावों के अनुसार, एपल अपने शिपमेंट शेड्यूल में व्यापक फेरबदल की योजना बना रहा है। 

अगर ये अटकलें सच साबित होती हैं, तो इस साल सितंबर के महीने में आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और बहुप्रतीक्षित आईफोन अल्ट्रा को ग्लोबल मार्केट में पेश कर दिया जाएगा। कंपनी अपनी इस आक्रामक रणनीति के जरिए प्रीमियम सेगमेंट के ग्राहकों को सबसे पहले लुभाना चाहती है।

मार्च 2027 में पेश होंगे बेस और ‘ई’ मॉडल्स

सप्लाई चेन के सूत्रों का कहना है कि मानक आईफोन 18, किफायती आईफोन 18ई और नया आईफोन एयर 2 अगले साल यानी मार्च 2027 के आसपास भारत सहित दुनिया भर के बाजारों में एंट्री लेंगे। अमूमन एपल हर साल सितंबर में अपनी नंबर सीरीज और उसके कुछ महीनों बाद ‘ई’ मॉडल लाता है, लेकिन दो चरणों वाली इस नई व्यवस्था से कंपनी का फोकस अलग-अलग सेगमेंट पर ज्यादा स्पष्ट होगा। भारत में आईफोन 18 को 15 मार्च 2027 के आसपास लॉन्च किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

दमदार कैमरा और अनुमानित कीमत

तकनीकी विशिष्टताओं की बात करें तो अफवाहों के मुताबिक आईफोन 18 में 6.3 इंच का LTPO सुपर रेटिना XDR OLED डिस्प्ले मिल सकता है, जो 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 3,000 निट्स की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करेगा। बेहतर परफॉर्मेंस के लिए फोन में नेक्स्ट-जनरेशन A20 प्रोसेसर, 8 जीबी रैम और 256 जीबी का शुरुआती स्टोरेज मिलने की चर्चा है। इसके अलावा, डिवाइस में 4,000 एमएएच की बैटरी और 25 वॉट वायरलेस मैगसेफ चार्जिंग का सपोर्ट देखा जा सकता है।

फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए इसमें 48 मेगापिक्सल का मुख्य OIS कैमरा और 48 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा दिया जा सकता है, जबकि फ्रंट में 18 मेगापिक्सल का सेल्फी सेंसर मिलने की संभावना है। भारतीय बाजार में आईफोन 18 के 256 जीबी बेस वेरिएंट की संभावित कीमत लगभग 85,900 रुपये रहने का अनुमान जताया जा रहा है, हालांकि कंपनी की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here