नई दिल्ली: बिहार में गैंगरेप पीड़िता के साथ एक बार फिर हैवानियत का मामला सामने आया है। बेगूसराय जिले में चकिया थाना क्षेत्र के एक गांव में पीड़िता को सोमवार रात करीब 12 बजे दो बदमाशों ने जबरन छत पर ले जाकर नीचे फेंक दिया। पीड़िता का इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है। बता दें, चार महीने पहले इसी महिला के साथ बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। उस मामले में दो आरोपी जेल में हैं, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।
कैसे हुई घटना?
पीड़िता ने बताया कि गांव के ही दो बदमाशों ने उसे मोबाइल पर कॉल करके बुलाया। दरवाजा खोलते ही बदमाशों ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद जबरन उठाकर छत पर ले गए। वहां बाल पकड़कर मारपीट की और छत से नीचे फेंक दिया। पीड़िता ट्रंक यानी बड़े बक्से पर गिरी, जिससे उसकी कमर में गंभीर चोट आई है। पीड़िता का कहना है कि इन दोनों बदमाशों से उसकी कोई दुश्मनी नहीं है। उसे शक है कि चार महीने पहले हुई घटना के मामले में जो आरोपी जेल में हैं, उन्हीं के इशारे पर ये हमला करवाया गया है।
एक आरोपी गिरफ्तार
चकिया थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी बदमाश घोंघल निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। चार महीने पहले हुई घटना में गांव के ही रामू महतो और नीतीश महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं तीसरा आरोपी सूरज महतो अभी फरार चल रहा है। पुलिस उसके घर की कुर्की-जब्ती कर चुकी है और उस पर इनाम भी घोषित किया गया है।
रोहतास में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म
इधर, रोहतास जिले के डेहरी में भी एक शर्मनाक घटना सामने आई है। रास्ता भटक गई नाबालिग छात्रा को बुआ के घर पहुंचाने का झांसा देकर ऑटो चालक ने अपने साथियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों के मुताबिक, छात्रा रोहतास प्रखंड स्थित अपने बुआ के घर गई थी। इसी दौरान वो टहलने निकली और रास्ता भटक गई। वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने उससे पूछा तो उसने रास्ता भूलने की बात बताई। महिलाओं ने एक ऑटो चालक को किराया देकर छात्रा को उसके बुआ के घर पहुंचाने को कहा।
आरोप है कि चालक उसे बुआ के घर ले जाने के बजाय अपने साथियों के साथ बारुण ले गया और वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह चालक छात्रा को छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में लोगों में काफी गुस्सा और डर का माहौल है।












