लव मैरिज के लिए छोड़ा था पहला पति, अब बॉयफ्रेंड के लिए ली दूसरे की जान! गर्दन पर चाकू से किए कई वार

0
7

नई दिल्ली: जिस पत्नी के लिए गोपाल ने 16 साल पहले सब कुछ दांव पर लगाया था, उसी पर अब उसकी हत्या का आरोप है। फरीदाबाद में दो दिन पहले हुई इस वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी काजल और उसके बॉयफ्रेंड योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। योगेंद्र बाउंसर है।

पुलिस के मुताबिक, 14-15 अक्टूबर की रात गोपाल घर में सो रहा था। उस रात वह शराब पीकर घर पहुंचा था। गोपाल और काजल एक कमरे में थे, जबकि बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान काजल ने सब्जी काटने वाले चाकू से गोपाल की गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद काजल ने पुलिस को कहानी सुनाई कि घर में बदमाश घुस आए थे और उन्होंने गोपाल के साथ मारपीट की। लेकिन पूछताछ में उसकी बात टिक नहीं सकी और उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

16 साल पहले हुई थी लव मैरिज

गोपाल उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कुंवरपुर गांव का रहने वाला था। वह 20 साल से फरीदाबाद की एक कंपनी में मशीन ऑपरेटर था। करीब 16 साल पहले कंपनी में काम के दौरान उसकी मुलाकात काजल से हुई। दोनों में प्रेम हो गया और काजल अपने पहले पति को छोड़कर गोपाल के साथ हाथरस आ गई। उस वक्त उसकी पहली शादी से हुई बेटी करीब 5 साल की थी। दोनों ने हाथरस में कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के कुछ समय बाद गोपाल ने अपनी कमाई से गांव में मकान बनवाया। काजल बच्चों के साथ गांव में रहने लगी, जबकि गोपाल फरीदाबाद में नौकरी करता रहा और समय-समय पर घर आता था। गोपाल और काजल के दो बेटे और एक बेटी हुए। काजल की पहली शादी की बेटी भी साथ रहती थी, जो अब 19 साल की है।

योगेंद्र की एंट्री से बिगड़े रिश्ते

करीब तीन साल पहले गोपाल के घर से लगभग 500 मीटर दूर रहने वाले योगेंद्र का आना-जाना शुरू हुआ। वह गोपाल का दोस्त था और उससे मिलने आता था। लेकिन कुछ समय बाद वह गोपाल की गैरमौजूदगी में भी घर आने लगा। इस बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद होने लगा। इसी वजह से गोपाल कई महीनों से गांव नहीं गया था।

पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के बीच काजल ने योगेंद्र के साथ मिलकर गोपाल की हत्या की साजिश रची। 13 अक्टूबर को वह बच्चों को लेकर फरीदाबाद आ गई। अगले दिन 14 अक्टूबर को उसने योगेंद्र को भी फरीदाबाद बुला लिया। उसी रात वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस पीआरओ यशपाल सिंह ने बताया कि जांच में साफ हुआ है कि काजल ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। गोपाल के भाई अशोक ने उसकी बेटी पर भी शक जताया था, लेकिन अब तक की जांच में उसकी कोई भूमिका सामने नहीं आई है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here