नई दिल्ली: मॉनसून की विदाई का समय आ गया है, पर बादल अभी जाने के मूड में नहीं दिख रहे। मौसम विभाग के अनुसार 29 सितंबर को पहाड़ से लेकर मैदान और दक्षिण तक कई राज्यों में बारिश होगी। कुछ जगह तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी है। उत्तर प्रदेश में कई दिनों से हो रही बारिश ने दिन का तापमान नीचे ला दिया है। सुबह और रात को हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। पश्चिमी यूपी में 29 सितंबर को बारिश, गरज और बिजली गिरने की आशंका है, जबकि पूर्वी यूपी में यह सिलसिला 30 सितंबर तक चल सकता है। गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से लोग चिंतित हैं। दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में भी उसी दिन कई जगह बादल बरस सकते हैं। राहत की बात यह है कि 30 सितंबर से उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम ज्यादातर सूखा रहने का अनुमान है।
पहाड़ों पर अभी नहीं थमेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में आसमान पूरी तरह साफ नहीं होगा। उत्तराखंड में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। पहाड़ों के इस बदलाव का असर मैदानों तक पहुंच रहा है।
बिहार में 29 और 30 सितंबर को बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 4 अक्टूबर तक मौसम सक्रिय रह सकता है। पूर्वोत्तर में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29-30 सितंबर को कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल में 3-4 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है।
महाराष्ट्र और गुजरात
मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 29 सितंबर को बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। झोंके 60 किमी तक पहुंच सकते हैं। कोंकण और गोवा में बारिश 4 अक्टूबर तक जारी रहेगी। गुजरात में 1 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान है।
तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में 2 अक्टूबर तक तेज हवाओं का असर रह सकता है। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में भी बारिश का दौर चलेगा।












