दादी से शादी, जमीन को लेकर विवाद और फिर मर्डर! रामपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या

0
5

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में दिनदहाड़े हुई एक हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। चौराहे पर अपनी दुकान में बैठे युवक पर दो नकाबपोश बदमाशों ने अचानक गोलियां बरसा दीं। चार गोलियां लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इस हत्याकांड के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। मृतक ने एक साल पहले अपनी रिश्ते की दादी से कोर्ट मैरिज की थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह वारदात मिलकखानम थाना क्षेत्र के टाहकला गांव की है। गांव निवासी निशान सिंह का 35 वर्षीय बेटा नवजोत सिंह चौराहे पर वॉशिंग हब चलाता था। शनिवार शाम करीब चार बजे वह दुकान पर अकेला बैठा था। इसी दौरान दो नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण और परिजन वहां पहुंचे। खून से लथपथ नवजोत को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार के मुताबिक, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पत्नी की मौत के बाद रिश्ते की दादी से की शादी

नवजोत सिंह अपने पिता का इकलौता बेटा था। करीब पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही उसकी पत्नी ने जहर खा लिया था और उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में ससुराल पक्ष ने नवजोत के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। कुछ दिन जेल में रहने के बाद वह घर लौट आया था।

इसके बाद गांव की ही 50 वर्षीय विधवा महिला से उसका प्रेम संबंध हो गया। महिला रिश्ते में नवजोत की दादी लगती थी। करीब एक साल पहले दोनों घर छोड़कर चले गए और कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद वे रामपुर में किराए के कमरे में रहने लगे। महिला के दो बेटे न्यूजीलैंड में काम करते हैं।

जमीन और पैसों को लेकर हुआ था विवाद

ग्रामीणों के मुताबिक, महिला के बेटों ने गाड़ी खरीदने के लिए उसके खाते में पैसे भेजे थे। महिला के नाम करीब ढाई एकड़ जमीन भी थी। मां की शादी की जानकारी मिलने पर दोनों बेटे गांव आए थे। करीब दो महीने पहले जमीन और पैसों को लेकर पंचायत भी हुई, लेकिन विवाद नहीं सुलझा। इसके बाद दोनों भाई गांव से चले गए। ग्रामीणों ने हत्या के पीछे महिला के बेटों पर शक जताया है। पुलिस के मुताबिक, यदि दोनों विदेश में हैं, तो उनकी संभावित भूमिका और साजिश के पहलू की भी जांच की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here