मथुरा: थाना रिफाइनरी पुलिस ने शनिवार को बरेली हाईवे पर चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, शनिवार को थाना रिफाइनरी पुलिस टीम बरेली हाईवे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से एक संदिग्ध युवक के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया तो मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में युवक के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरिओम (30) पुत्र धर्म सिंह उर्फ धर्मो निवासी गांव झूड़ावई, थाना फरह के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गांव नगला गुर्जी, थाना फरह में रह रहा था।
सीओ का बयान, कानूनी कार्रवाई जारी
सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि थाना रिफाइनरी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












