मुंबई: सलमान खान का रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ शुरू होते ही सुर्खियों में आ गया है। बता दें, शो में टीवी इंडस्ट्री से लेकर सोशल मीडिया की दुनिया तक कुल 16 कंटेस्टेंट्स ने घर एंट्री ली है। वहीं घर में कदम रखते ही सभी अपने-अपने अंदाज में गेम खेलने की तैयारी में नजर आ रहे हैं। इसी बीच मेकर्स ने शो का नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें माही विज का अलग ही तेवर देखने को मिल रहा है, प्रोमो सामने आने के बाद ये कहना गलत नहीं होगा कि शो के शुरू होते ही शो में एंटरटेनमेंट भी शुरू हो गया है।
वहीं प्रोमो की बात करें तो माही विज घर के दूसरे सदस्यों से काम करवाती नजर आ रही हैं। यही वजह है उनका यह बॉसी अंदाज कुछ कंटेस्टेंट्स को बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा है और देखते ही देखते घर में तकरार शुरू हो गई है।
अमन गांधी से हुई बहस
प्रोमो में माही विज एक्टर अमन गांधी से अपना सामान उठाने में मदद करने के लिए कहती हैं, जिस दौरान अमन उनसे पहले ‘प्लीज’ कहने के लिए कहते हैं। इस पर माही नाराज हो जाती हैं और सवाल करती हैं कि वह प्लीज क्यों बोलें। दोनों के बीच हुई इस बातचीत से माहौल थोड़ा गर्म हो जाता है। इसके बाद माही ड्रेसिंग रूम से बाहर चली जाती हैं, जबकि अमन भी उनके व्यवहार से नाराज नजर आते हैं।
अरिश्फा खान से भी भिड़ीं
अमन के बाद माही विज की सोशल मीडिया स्टार अरिश्फा खान से भी बहस होती दिखाई देती है। माही अरिश्फा से चाय बनाने के लिए कहती हैं। अरिश्फा किचन में पहुंचती हैं, लेकिन वहां वह कहती हैं कि किसी से इस तरह आदेश देकर काम नहीं करवाया जाता। कुछ देर बाद माही भी किचन में पहुंचती हैं और दोबारा चाय बनाने के लिए कहती हैं। इस पर अरिश्फा नाराज हो जाती हैं। वह साफ कहती हैं कि उन्हें चाय बनानी नहीं आती और इस तरह उन्हें ऑर्डर नहीं दिया जा सकता।
घरवालों ने भी किया रिएक्ट
माही के इस अंदाज को देखकर बाकी कंटेस्टेंट्स भी हैरान दिखाई देते हैं। ईशा रिखी ने भी माही पर तंज कसते हुए कहा कि उनके घर में आने के बाद से ही वह किसी न किसी से काम करवा रही हैं। हालांकि, ईशा की बात पर माही हंसती नजर आती हैं। अब प्रोमो सामने आने के बाद दर्शकों की नजर माही के गेम पर टिक गई है। शो में उनका यह दबदबा आगे भी जारी रहता है या घरवालों के उनके साथ रिश्ते बिगड़ते हैं, यह आने वाले एपिसोड में देखने को मिलेगा।












