बिहार के रोहतास में डबल मर्डर से सनसनी, लिव-इन में रह रहे महिला-पुरुष की घर में घुसकर हत्या

0
6
Rohtas double murder
AI Generated

पटना: बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में रविवार देर रात हुई दोहरी हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा गांव में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक पुरुष और महिला की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. 

घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है. मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय मणिभूषण कुमार और 40 वर्षीय ननकी देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार मणिभूषण अविवाहित थे और पिछले कई वर्षों से ननकी देवी के साथ रह रहे थे. ननकी के बच्चे भी उनके साथ रहते थे. देर रात हथियारबंद बदमाश घर में दाखिल हुए और दोनों पर गोलियां चला दीं. फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे भी बरामद किए हैं.

बेटे ने अंधेरे में अपराधियों को भागते देखा

ननकी देवी के बेटे अभिषेक ने पुलिस को बताया कि रात करीब तीन बजे उसे छत की ओर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर वह तुरंत कमरे से बाहर निकला. इसी दौरान उसने अंधेरे में कुछ लोगों को छत से नीचे उतरते देखा. अभिषेक के मुताबिक अपराधी दरवाजा खोलकर वहां से भाग निकले. इसके बाद जब वह छत पर पहुंचा तो उसकी मां ननकी देवी और मणिभूषण कुमार मृत अवस्था में पड़े मिले. घटना की जानकारी परिवार और ग्रामीणों को दी गई.

गोली की आवाज से गांव में मची अफरा-तफरी

दो लोगों की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए. सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की जांच की. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

हत्या की वजह और अपराधियों की तलाश

मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हुई है. पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here