नई दिल्ली: ऑटोमोबाइल की दुनिया में मित्सुबिशी पजेरो का नाम काफी पुराना और मशहूर है. आज भी यह SUV सड़कों पर नजर आती है तो लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है. अब कंपनी पजेरो को नए अवतार में वापस लाने की तैयारी कर रही है. नई पजेरो का ग्लोबल डेब्यू 2 सितंबर 2026 को होगा. माना जा रहा है कि इसके बाद 2027 की शुरुआत में इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतारा जा सकता है.
नई पजेरो में पुराने मॉडल के मुकाबले बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. जहां पिछले मॉडल में यूनिबॉडी प्लेटफॉर्म दिया गया था, वहीं नई पजेरो को बॉडी-ऑन-फ्रेम चेसिस पर तैयार किया जाएगा. इससे SUV को ज्यादा मजबूत और ऑफ-रोडिंग के लिए बेहतर बनाया जा सकता है.
पसंदीदा मॉडल पर मिल सकते हैं खास ऑफर्स
नई पजेरो के पूरे स्पेसिफिकेशन 2 सितंबर को ग्लोबल डेब्यू के दौरान सामने आएंगे. हालांकि, मित्सुबिशी ने टीजर के जरिए SUV के कुछ फीचर्स और डिजाइन की झलक पहले ही दिखा दी है. कंपनी नई पजेरो को इसकी मशहूर ‘डकार’ पहचान के साथ पेश करने वाली है. ऐसे में SUV को पसंद करने वाले लोगों में इसकी वापसी को लेकर काफी उत्साह है.
नई मित्सुबिशी पजेरो का एक्सटीरियर
नई पजेरो को मजबूत बॉडी-ऑन-फ्रेम चेसिस पर तैयार किया जाएगा, जिससे इसकी ऑफ-रोड क्षमता बेहतर होने की उम्मीद है. इसका प्लेटफॉर्म ट्राइटन पिकअप से लिया जाएगा. SUV में S-AWC (Super All-Wheel Control) सिस्टम भी मिलेगा, जो खराब और मुश्किल रास्तों पर बेहतर पकड़ देने में मदद करेगा.
S-AWC एक एडवांस्ड 4WD सिस्टम है, जो जरूरत के हिसाब से आगे और पीछे के पहियों के बीच पावर को बांटता है. इससे कार को सड़क पर बेहतर ग्रिप और स्टेबिलिटी मिलती है. ब्रेकिंग के साथ मिलकर यह सिस्टम सामान्य सड़क के साथ-साथ खराब और ऑफ-रोड रास्तों पर भी बेहतर प्रदर्शन करता है. रिपोर्ट्स की मानें तो नई पजेरो में ‘Super Select 4WD-II’ ट्रांसफर केस भी दिया जा सकता है.
नई मित्सुबिशी पजेरो का इंटीरियर
नई पजेरो के इंटीरियर में प्रीमियम और टेक्नोलॉजी से जुड़े फीचर्स मिलने की उम्मीद है. टीजर में वर्टिकल पिक्सल-स्टाइल लाइटिंग, 14.3-इंच स्क्रीन और सेमी-एनिलिन लेदर सीटों की झलक दिखाई गई है. इसमें 4WD कंट्रोल, ट्रांसफर केस, वायरलेस चार्जिंग और हिल डिसेंट कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं.
गाड़ी में वेंटिलेटेड सीटें भी दी जा सकती हैं. इसका 4WD सिस्टम ड्राइवर को 2WD, ऑल-व्हील ड्राइव और लो-रेंज मोड के बीच आसानी से बदलाव करने की सुविधा देगा. नई पजेरो का खास ऑफ-रोड वेरिएंट भी आ सकता है, जिसका मुकाबला Toyota Land Cruiser Prado जैसी SUVs से हो सकता है.
नई मित्सुबिशी पजेरो का इंजन
नई पजेरो के इंजन और पावरट्रेन की जानकारी अभी सामने नहीं आई है. माना जा रहा है कि इसमें डीजल-हाइब्रिड सेटअप मिल सकता है. इसके अलावा बाजार के अनुसार कंपनी बाद में PHEV और इलेक्ट्रिक वर्जन भी ला सकती है. SUV में Eco, Normal, Gravel, Sand, Snow, Mud और Rock जैसे अलग-अलग ड्राइव मोड मिलने की उम्मीद है. कंपनी के टीजर में इसका डकार से जुड़ा डिजाइन और ऑफ-रोड लुक साफ नजर आ रहा है. कुछ बाजारों के लिए इसके फ्रंट डिजाइन में बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं.
नई मित्सुबिशी पजेरो की लॉन्चिंग
नई पजेरो के 2027 की शुरुआत में एशियाई बाजारों में आने की उम्मीद है. भारत में भी इसे लेकर काफी उत्सुकता है, लेकिन अभी कंपनी ने यहां लॉन्च को लेकर कोई पक्की जानकारी नहीं दी है. अमेरिका में यह SUV करीब 2030 तक ‘मोंटेरो’ नाम से पेश की जा सकती है. मित्सुबिशी आगे चलकर पजेरो फैमिली में छोटे मॉडल्स भी जोड़ सकती है. इनमें हाइब्रिड टेक्नोलॉजी मिलने की उम्मीद है और इन्हें 2028 से 2030 के बीच बाजार में उतारा जा सकता है.












