डेविड धवन के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘है जवानी तो ईश्क होना है’ का ट्रेलर शनिवार को मुंबई में एक भव्य इवेंट के दौरान लॉन्च किया गया. हालांकि, ट्रेलर के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर मिला-जुला रिस्पॉन्स देखने को मिल रहा है. इस समय इंटरनेट पर फिल्म की कहानी से ज्यादा एक अनोखी कास्टिंग को लेकर चर्चा तेज है, जिसने फैंस को हैरान और परेशान कर दिया है. फिल्म में ग्लैमरस एक्ट्रेस मौनी रॉय को अभिनेता वरुण धवन की ‘नकली मां’ के किरदार में दिखाया गया है, जिस पर अब लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है.
सिर्फ 1 साल का अंतर और मां का रोल?
‘नागिन’ फेम अभिनेत्री मौनी रॉय की उम्र 40 साल है, जबकि वरुण धवन हाल ही में 39 वर्ष के हैं. दोनों कलाकारों की उम्र में सिर्फ एक साल का फासला है. ऐसे में पर्दे पर मौनी को वरुण की मां के रूप में देखना फैंस को बिल्कुल रास नहीं आ रहा है.
फिल्म की कहानी के अनुसार मौनी रॉय, वरुण धवन की सगी मां नहीं हैं, बल्कि परिस्थितियों और एक झूठ के चलते वे केवल एक ‘किराए की मां’ का अभिनय कर रही हैं. ट्रेलर देखने से यह साफ झलकता है कि यह किरदार विशुद्ध रूप से कॉमेडी और सिचुएशनल ड्रामा पैदा करने के लिए बुना गया है, लेकिन इसके बावजूद नेटिजन्स बॉलीवुड की इस कास्टिंग चॉइस पर लगातार सवाल उठा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर फूटा यूजर्स का गुस्सा
ट्रेलर आउट होते ही X और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर मीम्स की बाढ़ आ गई है. एक निराश यूजर ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘वरुण धवन की मां के रोल में मौनी रॉय? क्या मजाक चल रहा है बॉलीवुड में!’ वहीं एक अन्य यूजर का कहना था, ‘मौनी रॉय उनकी नकली मां बनी हैं, यह सिचुएशन स्क्रीन पर बिल्कुल भी बिलीवेबल नहीं लग रही है.’ कुछ यूजर्स ने तो डेविड धवन के पुराने कॉमेडी अंदाज पर चुटकी लेते हुए लिखा कि मौनी को मां बनाने से बेहतर स्क्रिप्ट पर थोड़ा और काम कर लिया जाता.
मौनी रॉय हाल के दिनों में अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में है, जहां उन्होंने और उनके पति सूरज नांबियार ने सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते के खत्म होने की जानकारी दी थी.
रिलीज डेट को लेकर कन्फ्यूजन
वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े स्टारर इस रॉम-कॉम फिल्म की रिलीज डेट को लेकर काफी समय से फेरबदल चल रहा था. फिल्म पहले 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में आने वाली थी. इसके बाद मेकर्स ने फिल्म ‘टॉक्सिक’ से बॉक्स ऑफिस क्लैश को टालने के लिए इसकी तारीख बदलकर 22 मई 2026 कर दी थी. हालांकि, जब ‘टॉक्सिक’ की रिलीज आगे टल गई, तो मेकर्स ने राहत की सांस ली और ‘है जवानी तो ईश्क होना है’ को एक बार फिर उसकी पुरानी तय तारीख, यानी 5 जून 2026 पर री-शिड्यूल कर दिया. अब देखना दिलचस्प होगा कि यह अनोखी फेक-मदर वाली कॉमेडी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कितनी कामयाब होती है.
















