मां के दरबार में शीश, अराजकता फैलाने वालों को दो टूक संदेश!

0
7

नई दिल्ली: शारदीय नवरात्रि के पहले दिन राजधानी दिल्ली में भक्ति, शक्ति और संकल्प का संगम देखने को मिला। रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता झंडेवालान मंदिर पहुंचीं और मां भगवती के दिव्य दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मां के श्रीचरणों में शीश झुकाकर उन्होंने दिल्ली सहित समस्त देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। वहीं, राजधानी में अराजकता फैलाने आम जनता को परेशान करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों पर मुख्यमंत्री ने सख्त संदेश देते हुए स्पष्ट कर दिया कि दिल्ली की शांति और व्यवस्था से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

नवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने कामना की कि मां आदिशक्ति की कृपा प्रत्येक परिवार पर बनी रहे और देश निरंतर उन्नति के पथ पर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा के नौ स्वरूप जीवन में साहस, संयम, तपस्या, करुणा और सदाचार की प्रेरणा देते हैं। यह पर्व केवल पूजा-अर्चना का अवसर नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई, अन्याय पर न्याय और नकारात्मकता पर सकारात्मकता की विजय का संदेश भी देता है।

भक्ति के साथ सख्ती, अराजकता पर मुख्यमंत्री का दो टूक वार

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में अशांति फैलाने और सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने वालों को कड़े शब्दों में चेताया। उन्होंने कहा कि देशहित और विकास से ऊपर निजी स्वार्थ रखने वाले लोगों को मां सद्बुद्धि दें। देश की तरक्की में बाधा डालने और उसकी प्रगति से परेशान होने वाली मानसिकता समाज के हित में नहीं है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर आम नागरिकों को परेशान करना सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और शहर की सामान्य व्यवस्था को ठप करना किसी भी सूरत में उचित नहीं है। लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही आवश्यक है।

दिल्ली को बंधक बनाने की कोशिश नाकाम होगी

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि दिल्ली को बंधक बनाने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार राजधानी के नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और सामान्य जनजीवन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। आम जनता को अनावश्यक परेशानी से बचाना और शहर की व्यवस्था सुचारु रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नवरात्रि के पहले दिन मुख्यमंत्री का संदेश साफ रहा आस्था के पर्व पर मां दुर्गा से सुख-समृद्धि की प्रार्थना और राजधानी की शांति से खिलवाड़ करने वालों को सख्त चेतावनी। दिल्ली की जनता के हितों की रक्षा और विकास की गति बनाए रखने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here