दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर 60 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार, कारोबारी परिवार को भेजा था आधा कटा नोट

0
3

नई दिल्ली: राजधानी में कुख्यात गैंगस्टर के नाम का खौफ दिखाकर 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की साजिश का पर्दाफाश हुआ है। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई बताकर एक कारोबारी परिवार को व्हाट्सऐप पर धमकियां दी थीं। दहशत फैलाने के लिए शिकायतकर्ता के घर आधे टुकड़े में बंटा लेमिनेट किया हुआ 10 रुपये का नोट भी भिजवाया गया। हालांकि, जनकपुरी थाना पुलिस की तकनीकी जांच ने साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस ने 27 वर्षीय आरोपी आशु मौर्य को गिरफ्तार किया है।

व्हाट्सऐप संदेशों से मांगी गई थी 60 लाख की फिरौती

वेस्ट जिला डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि जनकपुरी निवासी जतिन गाबा ने शिकायत दी थी कि उनके परिवार से व्हाट्सऐप संदेशों के जरिए 60 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। इसी दौरान उनके घर एक लिफाफा पहुंचा, जिसमें लेमिनेट किए गए 10 रुपये के नोट का आधा हिस्सा रखा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनकपुरी थाने में विशेष टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज से रैपिडो राइडर तक पहुंची पुलिस

इंस्पेक्टर चेतन सिंह, एसआई अवंत, हेड कांस्टेबल रामकिशन, अंकित और बाबूलाल की टीम ने जांच शुरू की। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर सुहैब फारूकी (एसएचओ जनकपुरी) के नेतृत्व और एसीपी शरत चंद्र निर्मल की निगरानी में की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पंकज गौतम नामक रैपिडो राइडर की पहचान हुई। पूछताछ में उसने बताया कि उसे मानेसर से बुकिंग मिली थी और लिफाफा शिकायतकर्ता के घर पहुंचाने के लिए दिया गया था। इसके बाद तकनीकी जांच में मोबाइल नंबर की दूसरी पहचान सामने आई, जिसके आधार पर पुलिस रायबरेली निवासी आशु मौर्य तक पहुंची।

पिता की नौकरी की जानकारी का उठाया फायदा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता पिछले 27 वर्षों से शिकायतकर्ता के यहां ड्राइवर की नौकरी कर रहे हैं। इस वजह से वह कारोबारी परिवार को अच्छी तरह जानता था। पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए उसने गैंगस्टर के नाम का इस्तेमाल कर परिवार को डराने और रंगदारी वसूलने की साजिश रची।

चार मोबाइल, टैबलेट और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक वनप्लस टैबलेट, सिम कार्ड, 10 रुपये के नोट का बचा हुआ आधा हिस्सा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल का इस्तेमाल लिफाफा रैपिडो राइडर तक पहुंचाने में किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here