नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा मजबूत करने तथा अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पूर्वी जिला पुलिस ने जमीनी स्तर पर एक नई पहल शुरू की है। अब संकरी गलियों सुनसान रास्तों अंधेरे इलाकों और अपराध की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की साइकिल गश्त दिखाई देगी। ‘पैडलिंग के जरिए गश्त’ की इस विशेष मुहिम के तहत पुलिसकर्मी उन इलाकों तक पहुंचेंगे जहां बड़े पुलिस वाहन आसानी से नहीं जा पाते। खास बात यह है कि इस अभियान में महिला पुलिसकर्मी भी गुलाबी साइकिलों के साथ मैदान में उतरेंगी।
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने 15 अक्टूबर को स्वयं इस अभियान की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और बीट कर्मचारियों ने जिला पुलिस कार्यालय से संजय झील तक रात के समय साइकिल से गश्त की। इस दौरान अंधेरे वाले स्थानों, संकरी गलियों, घनी आबादी वाली बस्तियों और अपराध संभावित क्षेत्रों का जायजा लिया गया।
सप्ताह में दो दिन चलेगी विशेष गश्त
पुलिस की यह विशेष मुहिम सप्ताह में दो बार संचालित की जाएगी। इसमें अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सहायक पुलिस आयुक्त थाना प्रभारी और बीट कर्मचारी भी भाग लेंगे। गश्त के लिए कल्याणपुरी, त्रिलोकपुरी, कोंडली, संजय झील और आसपास के इलाकों को प्राथमिकता दी गई है। झुग्गी बस्तियों और ऐसे क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान रहेगा जहां पुलिस की अधिक मौजूदगी की जरूरत महसूस की गई है।
गुलाबी साइकिलों पर महिला पुलिसकर्मी, सुरक्षा का संदेश
इस अभियान का सबसे अहम पहलू महिला पुलिसकर्मियों की भागीदारी है। गुलाबी साइकिलों पर गश्त करती महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी महिलाओं और लड़कियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के साथ पुलिस तक उनकी पहुंच आसान बनाएगी। इसका उद्देश्य केवल अपराध रोकना ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं को समझना भी है।
अपराध के आंकड़ों से तय होंगे गश्त के रास्ते
पिछले एक वर्ष के अपराध संबंधी आंकड़ों और अपराध के रुझानों के विश्लेषण के आधार पर गश्त के मार्ग और समय निर्धारित किए गए हैं। स्थानीय सूचनाओं और नागरिकों से मिलने वाले सुझावों के अनुसार इनकी समय-समय पर समीक्षा भी की जाएगी। पूर्वी जिला पुलिस का संदेश साफ है अब कोई गली पुलिस की निगरानी से दूर नहीं रहेगी। महिलाओं की सुरक्षा अपराध की रोकथाम और जनता के विश्वास को मजबूत करने के लिए पुलिस की यह साइकिल गश्त कितनी प्रभावी साबित होती है इस पर सबकी नजर रहेगी।
Reported By: Pankaj Rai












