नजफगढ़ फायरिंग कांड का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

0
5

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में रंगदारी के कथित खेल और गोलीबारी की साजिश का खुलासा करते हुए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नजफगढ़ स्थित भावना मेडिकोज फायरिंग मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पांच करोड़ रुपये की कथित रंगदारी की मांग से जुड़े इस मामले में हथियारों की खरीद, पैसों के इंतजाम, हमलावरों की भर्ती और वारदात को अंजाम देने तक की कड़ियां सामने आई हैं। जांच में गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू और जर्मनी में रह रहे बताए जा रहे नवीन देशवाल के कथित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

घटना का विवरण

विशेष पुलिस आयुक्त हरगोबिंदर सिंह धालीवाल ने बताया कि 19 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे नजफगढ़ के नया बाजार स्थित भावना मेडिकोज पर मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति पहुंचे। इनमें से एक ने दुकान पर मौजूद संजय कुमार रोहिल्ला को निशाना बनाकर गोली चलाई लेकिन गोली उन्हें नहीं लगी। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। जांच में संपत्ति के सौदे से जुड़े विवाद और पांच करोड़ रुपये की कथित रंगदारी की मांग का पहलू सामने आया।

गिरफ्तार आरोपी और उनकी भूमिका

क्राइम ब्रांच की जांच में आशीव राठी उर्फ आशु मनजीत हरि प्रकाश उर्फ काला ज्योति प्रकाश उर्फ ज्योति उर्फ बाबा, राहुल और साहिल उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आशीव पर अवैध हथियार जुटाने, मनजीत पर हथियारों के लिए डेढ़ लाख रुपये की व्यवस्था करने और साहिल पर कथित तौर पर हमलावरों की भर्ती तथा हथियार उपलब्ध कराने की भूमिका है। हरि प्रकाश पर गोली चलाने और राहुल पर मोटरसाइकिल चलाने का आरोप है। ज्योति प्रकाश की भूमिका कथित साजिश से जुड़े संचार के संबंध में जांच के दायरे में है।

बरामदगी और जांच टीम

पुलिस ने एक पिस्तौल तीन कारतूस और वारदात से जुड़े अन्य सुराग बरामद होने की जानकारी दी है। राहुल से संबंधित एक किआ सोनेट कार भी बरामद की गई। हालांकि, गोली चलाने में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी अभी बाकी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के बयानों, मोबाइल फोन, वित्तीय लेनदेन और अन्य साक्ष्यों का मिलान कर रही है। यह कार्रवाई निरीक्षक रामपाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित कुमार, संजीत राठी, मुकेश सिंह तथा सहायक उपनिरीक्षकों और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने की है। अभियान की निगरानी सहायक पुलिस आयुक्त उमेश बार्थवाल और पुलिस उपायुक्त चंद्र कुमार सिंह ने की।

 

Reported By:Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here