संगम विहार में गोलियों से गूंज उठी रात, हत्या के मुख्य शूटर समेत दो गिरफ्तार

0
5

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के वजीराबाद इलाके के संगम विहार में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। शराब पार्टी के दौरान साथ बैठे लोगों के बीच अचानक मौत का खेल शुरू हो गया। आरोप है कि 2021 के एक हत्या मामले से जुड़ी रंजिश का बदला लेने के लिए कमल गोस्वामी ने अपने ही परिचित रवि पर पिस्तौल से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल रवि ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुख्य शूटर कमल गोस्वामी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

संगम विहार में गोलीबारी, घायल की मौत  

पुलिस के मुताबिक वारदात बीती रात करीब 11 बजे गली नंबर-14 संगम विहार स्थित डिवाइन अस्पताल के पास हुई। गोली लगने से घायल रवि को आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ईआरवी) की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। उसके शरीर पर गोली लगने के दो निशान थे। हालांकि सुबह उसकी मौत हो गई।

2021 के हत्याकांड से जुड़ी रंजिश

जांच में सामने आया कि मृतक रवि थाना नेताजी सुभाष प्लेस, उत्तर-पश्चिमी जिला में दर्ज वर्ष 2021 के हत्या के मुकदमे (एफआईआर संख्या 14/21) में आरोपी था और अक्टूबर 2026 में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस के अनुसार, पार्टी में मौजूद कमल गोस्वामी भी उस पुराने हत्याकांड से जुड़े व्यक्ति का मित्र था। इसी रंजिश में उसने बदला लेने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया।

दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार और कार बरामद

आरोप है कि शराब पीने के बाद सभी लोग कार में बैठे और बातचीत करने लगे। इसी दौरान कमल कार से नीचे उतरा और रवि पर गोली चला दी। पुलिस ने वजीरपुर निवासी कमल गोस्वामी और मोनू को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल और भागने के लिए इस्तेमाल सफेद स्विफ्ट कार (डीएल9सीबीए8510) बरामद कर ली गई है। अन्य संदिग्धों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच जारी है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here