धूम्रपान को लेकर विवाद बना खूनी संघर्ष, चाकू से हमला कर युवक की हत्या

0
5

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मामूली विवाद किस तरह खूनी संघर्ष में बदल सकता है, इसका एक सनसनीखेज मामला सीलमपुर इलाके में सामने आया है। सेंट्रल पार्क में धूम्रपान करने को लेकर हुए विवाद के बाद 20 वर्षीय युवक सुब्हान पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीलमपुर थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को पकड़ लिया, जिनमें दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।

सिगरेट पीने पर टोकने से शुरू हुआ विवाद

नॉर्थ ईस्ट जिला डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे सुब्हान अपने दोस्त मोहसिन के साथ सीलमपुर स्थित सेंट्रल पार्क में धूम्रपान कर रहा था। इसी दौरान पांच-छह अज्ञात लड़कों ने कथित तौर पर उन्हें ऐसा करने से रोका। देखते ही देखते कहासुनी ने झगड़े का रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने सुब्हान पर चाकू से वार कर दिए और मौके से फरार हो गए। घायल सुब्हान को तत्काल जेपीसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज ने खोली आरोपियों तक पहुंचने की राह

घटना की सूचना मिलते ही सीलमपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। घायल के दोस्त के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा विभिन्न स्रोतों से साक्ष्य जुटाए। लगातार प्रयासों और जांच के आधार पर पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें अमन खान उर्फ अरशु (21) अफजल खान (18) अब्दुल मोमिन (18) शोएब मिर्जा (18) और लगभग 17 वर्ष आयु के दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

चाकू और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित वारदात में इस्तेमाल चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। सुब्हान की मौत के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) यानी हत्या से संबंधित धारा, भी जोड़ दी गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और घटनाक्रम की कड़ियों की जांच कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस मामले को सुलझाने वाली टीम का नेतृत्व सीलमपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक ने किया। टीम में निरीक्षक दीपक भारद्वाज, उपनिरीक्षक सुधांशु, उपनिरीक्षक शिवम, उपनिरीक्षक मनजीत, सहायक उपनिरीक्षक धर्मेंद्र, हेड कांस्टेबल मनीष, अजीत, सोहनवीर, संदीप और दिनेश तथा कांस्टेबल नितिन, परमजीत और ओमाशीष शामिल रहे। पूरी कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त सीलमपुर सुशील कुमार की निगरानी में की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here