एयरपोर्ट रूट पर खाकी का पहरा, ट्रैफिक की रफ्तार बरकरार

0
5

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सीजेपी प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। नई दिल्ली इलाके में प्रदर्शन की संभावनाओं के बीच दिल्ली कैंट ट्रैफिक सर्किल ने एयरपोर्ट और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सुबह छह बजे से ही मोर्चा संभाल लिया। ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी और लगातार निगरानी का असर यह रहा कि जारी अपडेट के अनुसार दिल्ली कैंट क्षेत्र से धौला कुआं गुरुग्राम से धौला कुआं, वसंत विहार से आईजीआई एयरपोर्ट और धौला कुआं से एयरपोर्ट की ओर यातायात सामान्य बना रहा।

प्रदर्शन की आहट के बीच जहां सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं, वहीं ट्रैफिक पुलिस का पूरा जोर इस बात पर है कि आम नागरिकों, एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े। सड़कों पर निगरानी प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और लगातार गश्त के जरिए यातायात को व्यवस्थित रखने की कोशिश की जा रही है।

सुबह छह बजे से सड़क पर उतरी ट्रैफिक टीम

एडिशनल सीपी ट्रैफिक दिनेश कुमार गुप्ता की निगरानी में ट्रैफिक इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश के नेतृत्व में दिल्ली कैंट ट्रैफिक सर्किल की ओर से करीब 15 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है। इनके सहयोग के लिए दो मोटरसाइकिल गश्ती दल भी लगाए गए हैं जो अलग-अलग मार्गों पर यातायात की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। पुलिसकर्मी अपने निर्धारित स्थानों पर मुस्तैदी से डटे हैं ताकि किसी भी स्थान पर वाहनों का दबाव बढ़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

दिल्ली कैंट सर्किल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश स्वयं सरकारी वाहन से लगातार गश्त कर रहे हैं। इस दौरान वह तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति का जायजा लेने के साथ यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की निगरानी भी कर रहे हैं। उनका विशेष ध्यान उन मार्गों पर है, जहां से एयरपोर्ट गुरुग्राम और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन नई दिल्ली क्षेत्र की तरफ बढ़ते हैं।

सरदार पटेल मार्ग पर विशेष निगरानी

सीजेपी प्रदर्शन के मद्देनजर गुरुग्राम और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर से सरदार पटेल मार्ग पहुंचने वाले रास्तों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह मार्ग नई दिल्ली क्षेत्र की ओर जाता है जहां प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस की प्राथमिकता है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ सामान्य यातायात भी प्रभावित न हो।

धौला कुआं से सरदार पटेल मार्ग की ओर जांच बिंदु पर भी यातायात सामान्य रहने की सूचना दी गई। पुलिस की ओर से निगरानी जारी है, ताकि सुरक्षा जांच के दौरान वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे और सड़क पर अनावश्यक दबाव न बढ़े।

इन प्रमुख मार्गों पर यातायात सामान्य

दिल्ली कैंट ट्रैफिक सर्किल से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार जनकपुरी और दिल्ली कैंट क्षेत्र से स्टेशन रोड होते हुए धौला कुआं तक वाहनों की आवाजाही सामान्य रही। गुरुग्राम से धौला कुआं की ओर भी यातायात सुचारु बताया गया। वहीं वसंत विहार से आरटीआर मार्ग के जरिए आईजीआई एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी सामान्य यातायात की सूचना दी गई।

इसके अलावा धौला कुआं से आईजीआई एयरपोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग पर भी यातायात सामान्य रहा। धौला कुआं से सरदार पटेल मार्ग के जांच बिंदु तक वाहनों की आवाजाही सुचारु रहने की जानकारी दी गई। इन अपडेट से फिलहाल यही संकेत मिलता है कि दिल्ली कैंट ट्रैफिक सर्किल के अंतर्गत आने वाले प्रमुख मार्गों पर प्रदर्शन के कारण किसी बड़े जाम या भारी यातायात अवरोध की सूचना नहीं मिली।

Image Courtesy/ Pankaj Rai
 Image Courtesy/ Pankaj Rai

आम जनता की सुविधा पर पुलिस का फोकस

ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों कार्यालयों में पहुंचने वाले कर्मचारियों और अन्य वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम सफर उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्रमुख मार्गों पर तैनाती के साथ लगातार गश्त और यातायात की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों को अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर सतर्क रहने और जरूरत के अनुसार यातायात को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

दिल्ली कैंट ट्रैफिक सर्किल के अनुसार जारी अपडेट तक उसके क्षेत्र में किसी बड़ी भीड़ के जुटने की सूचना नहीं थी और न ही जाम या भारी यातायात दबाव की जानकारी मिली। हालांकि प्रदर्शन से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस की तैनाती और निगरानी जारी रखी गई है, ताकि स्थिति में किसी भी बदलाव के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जा सके। फिलहाल दिल्ली कैंट से धौला कुआं और एयरपोर्ट तक यातायात सामान्य रहने की सूचना है। ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी के बीच संदेश साफ है, सुरक्षा भी जरूरी, सफर भी जारी।

Reported by: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here