नई दिल्ली: राजधानी में लुटेरों ने पहले कारोबारी की कमाई और आवाजाही की पूरी जानकारी जुटाई, फिर सुनियोजित साजिश रचकर चाकू के दम पर ढाई लाख रुपये लूट लिए। लेकिन दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी जांच के सहारे इस लूटकांड की परतें खोल दीं। सरिता विहार थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार और एक नाबालिग को पकड़ लिया है। पुलिस ने लूटे गए करीब 2.50 लाख रुपये में से 1,72,200 रुपये और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
घटना का विवरण और साजिश का खुलासा
दक्षिण-पूर्वी जिला डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे सीलमपुर निवासी सगीर अली जसौला के पॉकेट-11 स्थित इक़रा मस्जिद मोड़ से गुजर रहे थे। तभी चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। जांच में सामने आया कि पीड़ित जसौला गांव में झाड़ू बनाने का कच्चा माल सप्लाई करते थे और हर शुक्रवार भुगतान लेने आते थे। आरोप है कि शहनाज और आजाद ने उनकी कारोबारी गतिविधियों व नकदी की जानकारी साथियों तक पहुंचाई। इसके बाद रेकी कर वारदात को अंजाम दिया गया। जांच में आठ लोगों की भूमिका सामने आई है। दो आरोपी शेख समीर और साजिद उर्फ सैयद अभी फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपी और पुलिस की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ लल्ला, यासीन, आजाद, कैफी और साहिल के साथ एक नाबालिग के तौर पर हुई। यह कार्रवाई एसआई सतीश भाटी, हेड कांस्टेबल सत्यपाल और दिनेश ने एसएचओ युधवीर सिंह के नेतृत्व में की। एसीपी अनिल शर्मा की निगरानी और डीसीपी विनीत कुमार के निर्देशन में टीम ने सफलता हासिल की। पुलिस फरार आरोपियों और बाकी रकम की तलाश में जुटी है।
Reported By: Pankaj Rai












