नई दिल्ली: लाल किला मैदान में सजी लव कुश रामलीला में बुधवार को भक्ति आस्था और भावनाओं का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने रामभक्तों को भगवान श्रीराम की मर्यादा त्याग और प्रेम का संदेश दिया। राम के राज्याभिषेक की घोषणा से लेकर वनगमन और निषाद राज से उनकी भावपूर्ण भेंट तक मंच पर सजी रामकथा ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। लीला के दौरान जय श्रीराम के जयकारों से पूरा मैदान गूंज उठा।
भव्य शोभायात्रा ने बांधा समां
लीला से पहले भगवान श्रीराम की भव्य बारात शोभायात्रा निकाली गई बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों, शहनाई, नफीरी, शंख, घड़ियाल और डमरू की गूंज के बीच रामभक्त नाचते-गाते आगे बढ़े। भक्ति संगीत और जयकारों से वातावरण पूरी तरह राममय हो गया। शोभायात्रा ने श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का संचार कर दिया।
निषाद राज के रूप में दिखे केंद्रीय मंत्री
मंच पर मंथरा-कैकेयी संवाद कैकेयी-दशरथ संवाद, श्रीराम के वनगमन और निषाद राज से भेंट के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन हुआ। केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने निषाद राज की भूमिका निभाकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। भगवान श्रीराम और निषाद राज की भेंट ने सामाजिक समरसता मित्रता और समानता का संदेश दिया। लीला देखने के लिए भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों,आईएएस और आईपीएस अधिकारियों सहित अनेक गणमान्य अतिथि भी पहुंचे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि रामलीला देखने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस नागरिक सुरक्षा कर्मियों और स्वयंसेवकों के साथ मैदान के चारों ओर बाउंसर भी तैनात किए गए हैं ताकि दर्शक सुरक्षित माहौल में लीला का आनंद ले सकें।
आज केवट बनेंगे मनोज तिवारी
महामंत्री सुभाष गोयल के अनुसार 15 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लीला देखने पहुंचेंगे। इस दिन गंगा पार कराने वाले केवट प्रसंग का विशेष आकर्षण रहेगा। प्रसिद्ध गायक अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी केवट की भूमिका निभाएंगे।
Reported By: Pankaj Rai












