अवैध निर्माणों पर एमसीडी का महाप्रहार, दो दिन में 49 भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

0
5

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अनधिकृत निर्माणों और खतरनाक भवनों के खिलाफ दिल्ली नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। भवन निर्माण नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसते हुए निगम ने दो दिनों के भीतर 49 भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जबकि 15 संपत्तियों को सील किया गया। निगम का यह अभियान शहर के सभी 12 जोनों में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अवैध निर्माण पर रोक लगाने के साथ आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

दो दिन, दो बड़ी कार्रवाई, उल्लंघन करने वालों पर सख्ती

निगम की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 14 अक्टूबर को 26 भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आठ संपत्तियों को सील किया गया। इससे एक दिन पहले 13 अक्टूबर को 23 भवनों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हुई थी और सात संपत्तियों पर सीलिंग की गई थी। इस तरह लगातार दो दिनों तक चले अभियान में निगम ने अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध अपनी सख्ती दिखाई है।

कई इलाकों में चला बुलडोजर

बुधवार को चलाए गए अभियान के तहत पहाड़गंज, सीतिपुरा करोल बाग और निमड़ी कॉलोनी सहित दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। निगम की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में निर्माण संबंधी नियमों के उल्लंघन की निगरानी कर रही हैं। जहां अनधिकृत निर्माण या नियमों की अनदेखी सामने आ रही है वहां निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

दिल्ली नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि मास्टर प्लान दिल्ली और भवन उपनियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों को निगरानी मजबूत रखने और चिन्हित उल्लंघनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगम के अनुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। खतरनाक भवनों अवैध निर्माणों और जनसुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले उल्लंघनों के विरुद्ध कार्रवाई कर राजधानी में सुरक्षित और नियमानुसार भवन निर्माण व्यवस्था कायम रखने का प्रयास किया जाएगा।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here