सीलमपुर पुलिस का शिकंजा, लुटेरा गिरफ्तार, 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों ने खोली वारदात की पोल

0
6

नई दिल्ली: सवारी बनकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाला ई-रिक्शा चालक आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। उत्तर-पूर्वी जिला की सीलमपुर थाना पुलिस ने यात्री से नकदी और चांदी की चेन लूटने के मामले का खुलासा करते हुए फार्मान (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई नकदी में से 4 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल ग्रे रंग का ई-रिक्शा बरामद किया गया है।

नॉर्थ ईस्ट जिला डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 13 नवंबर को मोहम्मद शहंशाह ई-रिक्शा से जीटी रोड स्थित सीलमपुर टी-प्वाइंट के पास जा रहे थे। इसी दौरान चालक ने कथित तौर पर उन्हें धमकाकर 5 हजार रुपये और करीब डेढ़ तोले की चांदी की चेन लूट ली और ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया। मामले में सीलमपुर थाने में प्राथमिकी संख्या 419/26, भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

50 कैमरों से खुला राज

एसीपी सुशील कुमार की निगरानी में थाना प्रभारी निरीक्षक राम मनोहर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। भुगतान संबंधी रिकॉर्ड की जांच से संदिग्ध की पहचान फार्मान के रूप में हुई। तकनीकी निगरानी के दौरान पता चला कि वह खजूरी खास, मौजपुर, बाबरपुर, गोकुलपुरी, भागीरथी विहार और यमुना विहार समेत कई इलाकों में लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।

पुलिस ने लगातार पीछा करते हुए आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस रिकॉर्ड में उसका कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं मिला।

नकदी और ई-रिक्शा जब्त

आरोपी फार्मान पुत्र गुलजार, निवासी गौतम विहार, तीसरा पुश्ता, न्यू उस्मानपुर, दिल्ली के पास से 4 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल ग्रे रंग का ई-रिक्शा भी जब्त किया गया। लूटी गई चांदी की चेन की बरामदगी का उल्लेख पुलिस विज्ञप्ति में नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है। इस  कार्रवाई को एसीपी सुशील कुमार की निगरानी में थाना प्रभारी निरीक्षक राम मनोहर मिश्रा, उपनिरीक्षक सुधांशु, उपनिरीक्षक सतपाल, हेड कांस्टेबल नवनीश और हेड कांस्टेबल मनीष की टीम ने अंजाम दिया।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here