नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में दिनदहाड़े राहगीर को घेरकर मोबाइल और नकदी लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, स्थानीय खुफिया तंत्र और तकनीकी जांच के सहारे पुलिस ने इस वारदात की गुत्थी सुलझाते हुए तीनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
मेट्रो स्टेशन जाते समय राहगीर से लूटपाट
नॉर्थ ईस्ट जिला डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 27 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे यमुना विहार निवासी 52 वर्षीय मयंक बडोला मौजपुर मेट्रो स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सी-12 कट के पास तीन बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने उन्हें जबरन काबू में किया और उनका मोबाइल फोन तथा जेब में रखे 2,200 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पीड़ित ने भजनपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी संख्या 309/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309/3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से तीनों आरोपी गिरफ्तार
वारदात की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यवान लाठवाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंकित और हेड कांस्टेबल प्रदीप की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। सबसे पहले पुलिस ने सुआइब (24) निवासी न्यू मुस्तफाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों कैफ (24) और आरिफ (30) को भी दबोच लिया। दोनों सगे भाई हैं और कबीर नगर, वेलकम के रहने वाले हैं।
तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड, मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार, सुआइब के खिलाफ लूट, झपटमारी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। कैफ के खिलाफ मकान में चोरी का एक मामला है, जबकि आरिफ के खिलाफ मारपीट, चोरी और जुआ अधिनियम से जुड़े पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। वारदात में लूटी गई 2,200 रुपये की नकदी की बरामदगी का उल्लेख प्रेस विज्ञप्ति में नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
Reported By: Pankaj Rai












