झपटमारों पर पुलिस का शिकंजा, 8 बदमाश गिरफ्तार; दो सोने की चेन बरामद, वारदात में इस्तेमाल दो बाइक, कटर और गैस सिलेंडर जब्त

0
1

नई दिल्ली: राजधानी की सड़कों पर महिलाओं को निशाना बनाकर झपटमारी और लूटपाट करने वाले अपराधियों के खिलाफ आउटर जिला पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्पेशल स्टाफ, पश्चिम विहार पूर्व और निहाल विहार थाना पुलिस की अलग-अलग टीमों ने तीन झपटमारों, तीन लुटेरों और दो चोरी का माल खरीदने वालों को दबोचकर अपराधियों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो झपटी गई सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल, एक कटर और आभूषण गलाने में इस्तेमाल होने वाला छोटा गैस सिलेंडर बरामद किया है। इस कार्रवाई से तीन आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी कड़ी में पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों का जाल बिछाया और तकनीकी निगरानी के जरिए संदिग्धों की तलाश तेज की।

शादी में जा रहे दंपती को बनाया था निशाना

पहली कार्रवाई में स्पेशल स्टाफ ने 22 नवंबर को भेरा एन्क्लेव गोलचक्कर के पास हुई झपटमारी की वारदात सुलझाई। शादी समारोह में जा रही महिला के गले से बाइक सवार बदमाश सोने का लॉकेट झपटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने घेवरा गांव में छापा मारकर अभिषेक और परवीन राणा को दबोचा। पूछताछ में उन्होंने चोरी का आभूषण सुमित को देने की बात बताई। पुलिस ने सुमित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने की चेन बरामद की।

बच्चों को स्कूल छोड़ने निकली महिला से लूट

दूसरी कार्रवाई में पश्चिम विहार पूर्व पुलिस ने मदर माउंट स्कूल के पास बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही महिला से दो सोने की चेन झपटने के मामले में संजय साहनी उर्फ गाला को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल लेने वाले लखी को भी गिरफ्तार कर एक सोने की चेन बरामद की गई।

लूट के औजारों के साथ तीन गिरफ्तार

तीसरी कार्रवाई में निहाल विहार पुलिस ने लूट के मामले में प्रिंस वर्मा, हेमंत कुमार उर्फ सुमित और मोहम्मद अरमान उर्फ वकील को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कटर और सोने के आभूषण गलाने वाला मिनी गैस सिलेंडर बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य आपराधिक संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here