हिसार: आगामी अग्निवीर भर्ती रैली के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने बुधवार को सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन सेना भर्ती कार्यालय हिसार परिसर में 16 से 25 जनवरी 2027 तक किया जाना प्रस्तावित है। इस भर्ती रैली में हिसार के अतिरिक्त जींद, फतेहाबाद, हांसी और सिरसा के अभ्यर्थी भाग लेंगे।
समय रहते पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश, लापरवाही पर चेतावनी
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती रैली को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से युवा भाग लेने पहुंचेंगे, इसलिए अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू आवागमन को ध्यान में रखते हुए पुख्ता प्रबंध किए जाएं। सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उपायुक्त ने कहा कि भर्ती रैली के दौरान कानून एवं व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभाग से संबंधित तैयारियों की रूपरेखा तैयार कर समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सेना में भर्ती देश सेवा का गौरव, युवाओं से नियमों के तहत तैयारी की अपील
उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना युवाओं के लिए गौरव की बात है। अग्निवीर भर्ती युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने पात्र युवाओं से अपील की कि वे भर्ती प्रक्रिया से संबंधित आधिकारिक दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें और निर्धारित पात्रता एवं नियमों के अनुसार अपनी तैयारी करें। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कर्नल दीपक चौहान समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर नगराधीश रोहित कुमार, भर्ती निदेशक कर्नल दीपक चौहान, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, एचसीएस कुलभूषण बंसल, सिविल सर्जन डॉ सपना गहलावत, उप सिविल सर्जन डॉ सुभाष खतरेजा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Reported By: Praveen Kumar












