बीवी को खुश करने के लिए चोरी की कार लेकर पहुंचा पति, पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट के साथ किया गिरफ्तार

0
5
Noida Car Theft
Pinterest

नोएडा: नोएडा में एक पति ने अपनी पत्नी को खुश करने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसकी वजह से उसे सीधा जेल जाना पड़ा। युवक ने अपनी पत्नी से चल रहे विवाद को खत्म करने लिए पहले तो नोएडा सेक्टर-14 की पार्किंग से कार की चोरी की. इसके बाद कार लेकर एटा पहुंच गया। उसने अपनी पत्नी को बताया कि वह कार उसने खुद खरीदी है। मामला सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को आरोपी के पास से एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान एटा के बागवाला थाना क्षेत्र के सोनसा गांव निवासी 22 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है। अरुण फिलहाल नोएडा में ड्राइवर के तौर पर काम करता था और सेक्टर-63 के छिजारसी इलाके में किराये पर रहता था।

इंटरव्यू के दौरान पार्किंग से गायब हुई कार

जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर को गाजियाबाद की रहने वाली एक टैटू आर्टिस्ट युवती अपनी हुंडई एक्सटर लेकर सेक्टर-18 की पार्किंग में पहुंची थी। कार खड़ी करने के बाद वह इंटरव्यू देने चली गई। जब युवती लौटकर आई तो उसे पार्किंग में अपनी कार नहीं मिली। इसके बाद युवती ने सेक्टर-20 थाने में शिकायत दी, जिसके आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने कार की चोरी की शिकायत दर्ज करते हुए तलाश शुरू कर दी थी। जब अरुण को शिकायत दर्ज होने की बात पता चली तो वह एटा से अपनी बहन के घर कन्नौज चला गया। पुलिस के मुताबिक, अरुण ने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया था। हालांकि पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से उसकी तलाश जारी रखी।

13 सितंबर को हुआ गिरफ्तार

13 सितंबर को पुलिस ने उसे अट्टापीर से डीएलएफ मॉल की ओर जाने वाले रास्ते के पास एक खाली प्लॉट के नजदीक से गिरफ्कार किया। पुलिस को उसके कब्जे से हुंडई एक्सटर भी बरामद हुई। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, जबकि असली नंबर प्लेट डिग्गी में रखी मिली। पुलिस के अनुसार, कार का वास्तविक नंबर UP14GB1456 था और फर्जी नंबर UP16C0007TC/02 था।

अरुण ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी को मनाने के लिए उसने कार चोरी की और उसे लेकर एटा पहुंच गया। वहां उसने पत्नी के सामने कार को अपनी खरीदी हुई गाड़ी बताया। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here