मथुरा: कोतवाली क्षेत्र की चूना कंकड़ वाली गली में 24 अक्टूबर की रात 80 वर्षीय वृद्ध महिला की निर्मम हत्या कर जेवरात लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मृतका के पड़ोस में रहने वाले 19 वर्षीय युवक भरत को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर भारी मात्रा में आभूषण, नकदी, मोबाइल और वारदात के समय पहने हुए कपड़े बरामद किए गए हैं। मृतका आरोपी को अपने बच्चे की तरह मानती थीं और उसका घर में आना-जाना था। इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी की योजना और लालच
पुलिस के अनुसार, आरोपी भरत मृतका के घर अक्सर आता-जाता था। नवरात्र के दौरान वह अपनी बहन के साथ उनके घर कन्या-लांगूर का भोजन करने गया था। इसी दौरान उसकी नजर घर में रखी तिजोरी पर पड़ी। तिजोरी में जेवरात देखकर उसके मन में लालच आ गया और वह चोरी की योजना बनाने लगा। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए गूगल पर बेहोशी के इंजेक्शन और तमंचे के बारे में भी जानकारी सर्च की थी। आरोपी मृतका के घर के पास ही रूपा कचौड़ी के मकान में काम करता था और उसे पता था कि बुजुर्ग महिला घर में अकेली रहती हैं।
हत्या की घटना का विवरण
24 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे आरोपी मृतका के घर पहुंचा और दरवाजे की घंटी बजाई। दरवाजा खुलने पर उसने बुजुर्ग महिला से कहा कि उसका कपड़ा उनकी छत पर गिर गया है। महिला उसकी बात पर विश्वास कर छत की चाबी लेकर उसे ऊपर ले जाने लगीं। इसी दौरान आरोपी ने सीढ़ियों के पास पड़ी ईंट उठाकर उनके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने मृतका के शरीर पर पहने जेवर और कमरे में फ्रिज के पास रखे बैग में मौजूद आभूषण निकाल लिए। इसके बाद घर का दरवाजा बंद कर अपने घर पहुंचा और कपड़े बदलकर सो गया। चोरी किए गए जेवर उसने छिपा दिए थे। आरोपी इन जेवरों को लेकर दिल्ली जाने और अपने शौक पूरे करने की योजना बना रहा था।
गिरफ्तारी और बरामदगी
मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने आरोपी भरत पुत्र सोनू निवासी मकान नंबर 443, चूना कंकड़ वाली गली को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 60 कंगन, 11 चेन, 31 अंगूठियां, दो लॉकेट, 27 कान के टॉप्स, एक नोज पिन, पीली धातु लगा रुद्राक्ष, तीन मिश्रित धातु की अंगूठियां, मोटो जी-57 पावर मोबाइल, आधार कार्ड, हत्या के समय पहने हुए कपड़े और 16,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
एसएसपी का बयान और पुलिस टीम को पुरस्कार
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि 25 अक्टूबर को कोतवाली क्षेत्र में 80 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम को लगाया गया था। पुलिस ने मृतका के पड़ोस में रहने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटे गए जेवरात बरामद कर लिए हैं। आरोपी अपने शौक पूरे करने के लिए वारदात को अंजाम देना चाहता था। घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।
Reported by- Pankaj Rai












