ट्रंप की पूर्व अफसर की चेतावनी, अमेरिका में ईसाइयों से ज्यादा हो जाएंगे मुसलमान, बोलीं- ज्यादा बच्चे पैदा करें अमेरिकी

0
2

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पूर्व प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट ने एक नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अमेरिकियों से जल्दी शादी करने और ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने बच्चों की परवरिश चर्च के संस्कारों में करने को भी कहा है। लेविट ने एक्स पर ‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ की एक रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए यह पोस्ट की। इस रिपोर्ट में एक स्टडी का हवाला दिया गया था, जिसका शीर्षक था – ‘2035 तक दुनिया में सबसे अधिक होगी मुस्लिम आबादी’। रिपोर्ट में यह भी अनुमान लगाया गया था कि अमेरिका आने वाले समय में ईसाई बहुल देश नहीं रह जाएगा।

इसी रिपोर्ट को आधार बनाकर लेविट ने लिखा कि अमेरिकी लोग जल्दी शादियां करें, ज्यादा बच्चे पैदा करें, परिवार बनाएं, बच्चों की परवरिश चर्च के संस्कारों में करें और उन्हें अमेरिका से प्यार करना सिखाएं।

पोस्ट पर दो हिस्सों में बंटे लोग

लेविट की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। एक वर्ग उनकी बात का समर्थन कर रहा है। इन लोगों का कहना है कि लेविट बिल्कुल सही कह रही हैं। ईसाई धर्म के अनुसार ही बच्चों की परवरिश होनी चाहिए और फैमिली वैल्यूज को बचाना जरूरी है। वहीं, दूसरे वर्ग ने उनकी पोस्ट पर कड़ा ऐतराज जताया है। लोगों का कहना है कि किसी को किसी एक धर्म को मानने के लिए कैसे कहा जा सकता है? अमेरिका में हर धर्म के लोगों को आजादी है। बच्चों को यह छूट मिलनी चाहिए कि वे जिस धर्म को चाहें, उसके मूल्यों को अपनाएं।

महंगाई पर उठे सवाल

कई यूजर्स ने बच्चों की परवरिश की महंगाई का मुद्दा भी उठाया। एक यूजर ने लिखा कि आप ज्यादा बच्चे पैदा करने को कह रही हैं, लेकिन आप ही लोग मैटरनिटी लीव, डे केयर जैसी सुविधाओं का विरोध करते हैं। ऐसे में लोग ज्यादा बच्चे क्यों पैदा करेंगे? दूसरे यूजर ने लिखा कि इतनी महंगाई में हम ज्यादा बच्चे अफोर्ड ही नहीं कर सकते। कॉस्ट ऑफ लिविंग लगातार बढ़ रही है, बच्चों को पालना, उनकी सेहत और पढ़ाई का खर्च उठाना आसान नहीं है।

एक यूजर ने लिखा कि मुस्लिम और ईसाई के बीच बच्चे पैदा करने का कंपटीशन नहीं होना चाहिए। इसका सही समाधान यह है कि बाहर से आने वाले लोगों पर रोक लगाई जाए। तभी पश्चिमी देशों का कल्चर बच पाएगा। फिलहाल लेविट की पोस्ट पर बहस थमने का नाम नहीं ले रही। लोग इसे धर्म, परिवार और अमेरिका के भविष्य से जोड़कर देख रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here