30 कैरेट पन्ने का पेंडेंट पहनना करीना कपूर को पड़ा भारी! कांग्रेस नेता ने भेजा कानूनी नोटिस, आखिर क्या है पूरा मामला?

0
7

नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान का दिवाली लुक अब विवाद की वजह बन गया है। त्योहार पर उन्होंने 30 कैरेट पन्ने वाला एक खास पेंडेंट पहना था, जिस पर कुरान की आयत ‘आयत-उल-कुर्सी’ लिखी हुई है। सोशल मीडिया पर इस आभूषण को दिखाने के तरीके पर कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने आपत्ति जताई है। उन्होंने करीना और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजकर तस्वीरें-वीडियो हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

करीना कपूर ने दिवाली के मौके पर इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें साझा की थीं। इनमें वह डिजाइनर पुनीत बलाना का तैयार किया हुआ बेज रंग का कफ्तान और उससे मेल खाती पगड़ी पहने नजर आईं। उनके लुक में 30 कैरेट पन्ने से बना पेंडेंट भी शामिल था। इसी आभूषण पर कुरान की आयत-उल-कुर्सी लिखी हुई है, जिसे लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है।

नोटिस में क्या है मांग?

कांग्रेस नेता और नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर अब्बास हफीज ने 11 नवंबर को करीना और रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा। इसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी के पहनावे, निजी पसंद या गहने पहनने की आजादी से कोई परेशानी नहीं है। उनकी आपत्ति केवल पवित्र आयत लिखे पेंडेंट को सोशल मीडिया पर दिखाने के तरीके से है। हफीज का कहना है कि कुरान की आयत वाला आभूषण पहनने के साथ उसे सार्वजनिक रूप से पेश करते समय भी सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए। नोटिस में तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने, सार्वजनिक माफी मांगने और भविष्य में आयत की पवित्रता का ध्यान रखने का भरोसा देने को कहा गया है। उनका आरोप है कि करीना की पोस्ट में पेंडेंट को जिस तरह दिखाया गया, उसमें आयत के प्रति जरूरी सम्मान नजर नहीं आया।

रिया कपूर ने गहनों के बारे में क्या बताया?

करीना की स्टाइलिस्ट रिया कपूर के मुताबिक, तस्वीरों में पहने गए गहने पटौदी परिवार की विरासत हैं। ये आभूषण सैफ अली खान के परिवार में पीढ़ियों से चले आ रहे हैं। सैफ की दादी साजिदा सुल्तान, भोपाल के आखिरी नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी थीं। उनकी शादी इफ्तिखार अली खान पटौदी से हुई थी। उनके बेटे मंसूर अली खान पटौदी, सैफ के पिता थे। इस तरह ये शाही गहने परिवार की विरासत का हिस्सा हैं। हफीज ने भी साफ किया है कि उनकी आपत्ति करीना के कपड़ों या बाकी गहनों से नहीं, बल्कि कुरान की आयत वाले पेंडेंट को दिखाने के तरीके से है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here