नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार रात उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में एक बार फिर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डीटीसी की इलेक्ट्रिक बस अचानक आग की लपटों से घिर गई। शास्त्री पार्क अंडरपास के पास चलती बस में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही देर में पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई और जलकर खाक हो गई।
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
दमकल विभाग के अनुसार, बुधवार रात डीटीसी की इलेक्ट्रिक बस शास्त्री पार्क अंडरपास के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक बस में आग लग गई। बस से धुआं और आग की लपटें उठती देख चालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए बस रोक दी। उसने बिना समय गंवाए दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
हालांकि, दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने तक आग पूरी बस को अपनी चपेट में ले चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था। इस कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इलेक्ट्रिक बसों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने डीटीसी की इलेक्ट्रिक बसों की तकनीकी जांच, बैटरी सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












