कोरोनेशन पार्क में जागरूकता का महाअभियान, महिला सुरक्षा से साइबर अपराध तक दी जानकारी

0
6

नई दिल्ली: राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ दिल्ली पुलिस अब सीधे जनता के बीच पहुंचकर जागरूकता और संवाद को भी बढ़ावा दे रही है। इसी कड़ी में ‘वी केयर’ पहल के तहत उत्तर-पश्चिम जिले के कोरोनेशन पार्क में विशेष सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण, साइबर अपराध से बचाव सड़क सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां लोगों तक पहुंचाई गईं। पीएमएमसी डीसीपी नेहा यादव की निगरानी में हुए कार्यक्रम में उत्साह नजर आया। दिल्ली पुलिस की महिला ब्रास म्यूजिक बैंड ने शानदार प्रस्तुति देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पुलिस की वर्दी, संगीत की धुन और जनता के साथ सीधा संवाद कार्यक्रम ने सुरक्षा के संदेश को एक अलग अंदाज में लोगों तक पहुंचाया।

महिला सुरक्षा पर खास फोकस

कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा और आत्मरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों को सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी देने के साथ आत्मरक्षा की बुनियादी तकनीकों से भी अवगत कराया। महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता लेने और उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों का इस्तेमाल करने के बारे में समझाया गया।

स्वाट टीम से आमने-सामने संवाद

कार्यक्रम का एक अहम आकर्षण दिल्ली पुलिस की स्वाट टीम और आम नागरिकों के बीच संवाद रहा। इस दौरान लोगों को स्वाट टीम की भूमिका और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया गया। अधिकारियों ने नागरिकों के सवालों का जवाब देते हुए पुलिस और जनता के बीच विश्वास तथा सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया।

सड़क पर सुरक्षा, जिंदगी की हिफाजत

सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवहार, सड़क पर सावधानी और जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की रोड सेफ्टी एजुकेशन व्हीकल भी मौजूद रही, जिसके माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई।

साइबर ठगों से बचने का दिया मंत्र

डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए साइबर पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों ने भी जागरूकता सत्र आयोजित किया। ऑनलाइन ठगी, डिजिटल धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों से बचने के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई।

जनसंपर्क वाहन ने दिखाई पुलिस की तस्वीर

जनता तक दिल्ली पुलिस की गतिविधियों और सेवाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए जनसंपर्क वाहन भी कार्यक्रम स्थल पर तैनात किया गया। ऑडियो-विजुअल सुविधा से लैस इस मोबाइल वाहन के माध्यम से दिल्ली पुलिस की विभिन्न सेवाओं और गतिविधियों से संबंधित वीडियो क्लिप प्रदर्शित की गईं। साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े जागरूकता संदेश भी लोगों को दिखाए गए।

महिलाओं और बच्चों से सीधा संवाद

कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बच्चों से विशेष रूप से बातचीत की। उनकी सुरक्षा से जुड़े सवालों और चिंताओं को सुना गया तथा उपलब्ध पुलिस सहायता और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी गई। इस संवाद का उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच दूरी कम करना तथा जरूरत के समय पुलिस तक आसानी से पहुंच सुनिश्चित करना रहा। ‘वी केयर’ पहल के माध्यम से दिल्ली पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि पुलिसिंग केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता, संवाद, सहयोग और विश्वास के जरिए अपराध की रोकथाम भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here