नई दिल्ली: NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी होने के बाद अब मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया काउंसलिंग के जरिए शुरू होगी. MBBS, BDS और अन्य अंडरग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में प्रवेश पाने के इच्छुक उम्मीदवारों को मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा लेना होगा। उम्मीद है कि MCC जल्द ही काउंसलिंग का विस्तृत शेड्यूल जारी करेगा.
कौन-कौन से छात्र हो सकेंगे काउंसलिंग में शामिल
काउंसलिंग में वही उम्मीदवार शामिल हो सकेंगे जिन्होंने NEET UG 2026 में निर्धारित कटऑफ अंक हासिल किए हैं. इसके अलावा, अभ्यर्थियों का फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी/बायोटेक्नोलॉजी और अंग्रेजी विषयों के साथ 12वीं पास होना तथा आयु संबंधी पात्रता शर्तों को पूरा करना भी जरूरी है. भारतीय नागरिकों के साथ-साथ NRI, OCI और PIO उम्मीदवार भी तय नियमों के तहत काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं.
कौन करता है इस प्रक्रिया का संचालन
विशेषज्ञों का कहना है कि केवल NEET परीक्षा पास कर लेना प्रवेश की गारंटी नहीं है. एडमिशन के लिए उम्मीदवारों को अलग से काउंसलिंग पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा। MCC देशभर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों की 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा (AIQ) सीटों के अलावा AIIMS, JIPMER, केंद्रीय विश्वविद्यालयों, डीम्ड यूनिवर्सिटी, ESIC और अन्य भाग लेने वाले संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया का संचालन करता है
चार चरणों में होती है काउंसलिंग
काउंसलिंग आमतौर पर चार चरणों में आयोजित की जाती है. पहले राउंड में उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन, फीस जमा करने और अपनी पसंद के कॉलेज व कोर्स चुनकर विकल्प लॉक करने होते हैं. सीटों का आवंटन NEET रैंक, आरक्षण नियम और भरे गए विकल्पों के आधार पर किया जाता है. दूसरे राउंड में वे उम्मीदवार हिस्सा ले सकते हैं जिन्हें पहले चरण में सीट नहीं मिली या जो दोबारा विकल्प चुनना चाहते हैं. इसके बाद खाली बची सीटों के लिए मॉप-अप राउंड और अंत में स्ट्रे वैकेंसी राउंड आयोजित किया जाता है.
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
सीट मिलने के बाद उम्मीदवारों को संबंधित संस्थान में दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा. इसके लिए NEET UG 2026 का एडमिट कार्ड, रैंक कार्ड, MCC का अलॉटमेंट लेटर, 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, वैध फोटो पहचान पत्र, श्रेणी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे दस्तावेज तैयार रखने होंगे. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग की तारीखों, दिशा-निर्देशों और अन्य अपडेट के लिए MCC की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें और तय समय सीमा के भीतर सभी फॉर्मलिटी पूरी करें.












