जयपुर: राजस्थान के जयपुर जिले के सांभर क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बुजुर्ग एक महिला की बेरहमी से हत्या कर घर से सारे जेवर-नकदी चोरी कर ली गई. वहीं घटना का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मृतका की भतीजी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है. हालांकि शुरुआती जांच में यह मामला लूटपाट की घटना बताई जा रही थी, लेकिन घटनास्थल पर मिले सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया.
कैसे हुआ हत्या का पर्दाफाश
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को तेज्या का बास इलाके के निवासी प्रकाश नारायण शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी सास कमला देवी की हत्या कर दी गई है. इसके साथ ही घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी गायब थे. सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी. सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई.
जांच के दौरान पुलिस का शक मृतका की भतीजी ललिता पर गया. पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग मिले और बाद में ललिता ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसकी निशानदेही पर उसके कथित प्रेमी बबलू मीणा को भी गिरफ्तार किया गया. वहीं पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सोने की चूड़ियां, टॉप्स, नाक का कांटा, चांदी की पायजेब, चांदी के सिक्के, नकदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य चोरी का सामान बरामद किया है.
शराब पार्टी बनी हत्या के पीछे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ललिता शादीशुदा है. पुलिस का आरोप है कि वह अपने प्रेमी के साथ मौज-मस्ती और शराब पार्टी के लिए पैसों का इंतजाम करना चाहती थी. इसी उद्देश्य से दोनों ने वारदात की योजना बनाई. चूंकि ललिता का घर में आना-जाना था, इसलिए उसे घर की पूरी जानकारी थी। उसे मालूम था कि आभूषण और नकदी कहां रखे हैं तथा किस समय घर में कौन मौजूद रहता है. इसी जानकारी का फायदा उठाकर दोनों ने हत्या और चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
वहीं इसी बीच सांभरलेक थाना प्रभारी राममिलन मीना ने बताया कि मामले की जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी सबूतों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है.












