नई दिल्ली: आजकल कई स्मार्टफोन वॉटर-रेसिस्टेंट टेक्नोलॉजी के साथ आते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे पूरी तरह पानी से सुरक्षित हैं, अगर ज्यादा पानी फोन के अंदर चला जाए, तो वह काम करना बंद कर सकता है. अगर बारिश में आपका फोन भीग जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सही तरीके अपनाकर फोन को बचाया जा सकता है. लेकिन ऐसी स्थिति में भूलकर भी ये 4 गलतियां नहीं करनी चाहिए.
अगर आपका फोन बारिश में भीग जाए, तो सबसे पहले घबराएं नहीं. फोन को तुरंत स्विच ऑफ कर दें, भीगे हुए फोन को ऑन रखने से अंदर शॉर्ट सर्किट हो सकता है और फोन ज्यादा खराब हो सकता है. इसके बाद फोन को मुलायम और सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें. उसे कुछ समय के लिए प्राकृतिक तरीके से सूखने दें. अगर आपको लगे कि फोन के अंदर नमी रह गई है, तो उसे एक पन्नी या पैकेट में बंद करके चावल के डिब्बे में कुछ घंटों के लिए रख सकते हैं.
2. भीगे हुए फोन को तुरंत चार्जिंग पर न लगाएं
अगर आपका फोन बारिश में भीग गया है, तो उसे तुरंत चार्जिंग पर लगाने की गलती न करें, ऐसा करने से फोन के अंदर शॉर्ट सर्किट हो सकता है और फोन खराब हो सकता है. पहले यह सुनिश्चित करें कि फोन पूरी तरह सूख गया है, उसके बाद ही उसे चार्ज करें.
3. चार्जिंग पोर्ट को जरूर जांचें
फोन भीगने के बाद चार्जिंग पोर्ट को ध्यान से देखें, अगर उसमें पानी या नमी दिखाई दे, तो उसे साफ और सूखे कपड़े से हल्के हाथों से पोंछ लें. जब पोर्ट पूरी तरह सूख जाए, तभी फोन को चार्जिंग पर लगाएं, इससे फोन सुरक्षित रहेगा और खराब होने का खतरा कम होगा.
4. हेयर ड्रायर या तेज धूप में फोन न सुखाएं
अगर आपका फोन भीग गया है, तो उसे जल्दी सुखाने के लिए हेयर ड्रायर या तेज धूप का इस्तेमाल न करें. ज्यादा गर्मी से फोन के अंदर के पार्ट्स और बैटरी को नुकसान पहुंच सकता है. इससे बैटरी खराब हो सकती है, फोन ज्यादा गर्म हो सकता है और गंभीर स्थिति में आग लगने या बैटरी फटने का खतरा भी बढ़ सकता है, फोन को हमेशा सामान्य तापमान पर अपने आप सूखने दें.
क्या करें?
आजकल कई स्मार्टफोन IP67 या IP68 वॉटर-रेसिस्टेंट रेटिंग के साथ आते हैं. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप बारिश में बेझिझक फोन इस्तेमाल कर सकते हैं. बारिश के दौरान कॉल करना, मैसेज टाइप करना या वीडियो देखना सही नहीं है. ऐसा करने से पानी स्क्रीन, स्पीकर या चार्जिंग पोर्ट तक पहुंच सकता है और फोन खराब हो सकता है, अगर आप रोज ऑफिस, कॉलेज या फील्ड वर्क के लिए बाहर जाते हैं, तो अपने फोन के लिए एक अच्छा वॉटरप्रूफ पाउच या मजबूत कवर जरूर इस्तेमाल करें साथ ही, किसी भी नुकसान से बचने के लिए अपने जरूरी फोटो, वीडियो और दस्तावेजों का बैकअप क्लाउड या लैपटॉप में पहले से सेव करके रखें.












