नई दिल्ली: दीपों की जगमगाहट के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी को विकास, खुशहाली और आत्मनिर्भरता की नई रोशनी से जगमगाने का संकल्प दोहराया है। दीपावली के पावन अवसर पर उन्होंने दिल्लीवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार का असली उजाला तभी सार्थक होगा, जब हर घर में खुशहाली, हर चेहरे पर मुस्कान और हर परिवार के जीवन में समृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली केवल एक शहर नहीं, बल्कि उनका परिवार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन से प्रेरित होकर सरकार विकसित दिल्ली बनाने की दिशा में काम कर रही है। उनका लक्ष्य आधुनिक सुविधाओं, बेहतर परिवहन, मजबूत सड़कों और स्वच्छ वातावरण वाली राजधानी तैयार करना है।
पर्यावरण अनुकूल दीपावली और विकास के कदम
रेखा गुप्ता ने नागरिकों से पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने और निर्धारित मानकों के अनुरूप ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मेट्रो फेज-5(ए) के तहत 16.076 किलोमीटर के तीन नए कॉरिडोर स्वीकृत हुए हैं। इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी-2026 और 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य पार करना स्वच्छ दिल्ली की दिशा में अहम कदम हैं। दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की सहायता तथा लखपति बिटिया योजना से बेटियों की शिक्षा और भविष्य को आर्थिक सुरक्षा देने की पहल की जा रही है। वहीं, ‘जहां झुग्गी, वहां मकान’ नीति के जरिए पात्र झुग्गीवासियों को पक्के आवास देने का लक्ष्य है।मुख्यमंत्री ने यमुना की सफाई, सीवर व्यवस्था, पेयजल, जलभराव और यातायात सुधार को भी प्राथमिकता बताया। उनका संदेश साफ है विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इस दीपावली दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित, समृद्ध और विकसित बनाने का संकल्प ही सबसे बड़ा दीप बने।












