नई दिल्ली: बांग्लादेश के लिए आने वाला दिसंबर आसान नहीं रहने वाला है। देश पहले से ही कई मोर्चों पर संकट से घिरा है और अब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी के ऐलान ने सियासी पारा और चढ़ा दिया है। पिछले साल का दिसंबर भी बांग्लादेश के लिए अच्छा नहीं रहा था, जब छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या हुई थी और देश में सियासी उथल-पुथल चरम पर थी।
हसीना ने किया वापसी का ऐलान
शेख हसीना ने कई महीने पहले ही कह दिया था कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी। पिछले हफ्ते उन्होंने ढाका सरकार से नया पासपोर्ट मांगा, जिसे सरकार ने खारिज कर दिया। उधर, तारिक रहमान के मंत्रियों ने भारत से हसीना को प्रत्यर्पित कने की मांग की है। भारत ऐसा करेगा, इसकी संभावना बेहग कम है, लेकिन हसीना के समर्थकों ने वापसी की तैयारी शुरू कर दी है। तारिक रहमान की सरकार इस बात को लेकर परेशान है कि हसीना से कैसे निपटा जाए। फरवरी में हुए चुनाव में ये साफ हो गया था कि हसीने के पास आज भी 40 फीसदी से ड्यादा वोट बैंक है। ऐसे में अगर वह लौटती हैं तो उनकी वापसी पर जनता की क्या प्रतिक्रिया होगी, इसे लेकर सरकार में बेचैनी है।
ढाका के एक सूत्र ने बताया कि तारिक रहमान को लगता था कि हसीना लौटेंगी नहीं और वह इस मुद्दे को राजनीतिक तौर पर भुनाते रहेंगे। लेकिन वापसी के ऐलान ने उन्हें सकते में डाल दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर वापसी के बाद हसीना को जेल भेजा गया तो उनके लाखों समर्थक सड़क पर उतर सकते हैं और ये भीड़ हिंसा में भी बदल सकती है।
पहले से ही अशांत है देश
इसी महीने बांग्लादेश में कपड़ा मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन में 19 बसें जला दी गईं। इसके अलावा देश में 49 देसी बम धमाके हुए। पुलिस ने इसके लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस का कहना है कि इन हमलों का मकसद दिसंबर से पहले अशांति फैलाना है। बताया जा रहा है कि कई देशों की खुफिया एजेंसियां भी बांग्लादेश में सक्रिय हैं।
भारत से तनाव भी बढ़ा
हसीना की वापसी से भारत की भूमिका पर भी चर्चा होगी। हसीना से जुड़े सूत्रों का कहना है कि वापसी उनका निजी फैसला है, इसमें भारत का कोई हाथ नहीं है। लेकिन भारत भी हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकता, क्योंकि दोनों देशों के बीच पानी, व्यापार, सीमा और शरणार्थी जैसे मुद्दों पर पहले से ही तनाव है। बांग्लादेश में भारत विरोधी भावनाएं भी चरम पर हैं।
बांग्लादेशी पत्रकार जन्नतुल नयम पियल ने लिखा है कि बांग्लादेश ने कई मुश्किल दौर देखे हैं, लेकिन ये दिसंबर उसके कई संस्थानों की एक साथ परीक्षा ले सकता है। खतरा ये नहीं कि कोई एक घटना मुश्किल होगी, खतरा ये है कि ये घटनाएं एक-दूसरे को भड़का सकती हैं और गलती की गुंजाइश बहुत कम रह जाएगी।












